Breaking News

जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों पर ग्रेनेड हमला

26 Oct, 2021 666

संवाददाता/in24 न्यूज़.
जम्मू-कश्मीर में गृहमंत्री अमित शाह की मौजूदगी के बावजूद आतंकी अपनी नापाक साजिशों को अंजाम देने से बाज नहीं आ रहे हैं। अब उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा से खबर सामने आई है कि आतंकवादियों ने सुरक्षाबलों पर ग्रेनेड से हमला कर दिया है। धमाके में कई गाड़ियों के शीशे टूट गए हैं, साथ ही छह नागरिकों के घायल होने की खबर है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सुरक्षाबलों ने आतंकियों की तलाश में अभियान चलाया है। जानकारी के मुताबिक मंगलवार को बांदीपोरा के सुंबल पुल इलाके में आतंकवादियों ने ग्रेनेड हमला किया। हमले में करीब छह नागरिक घायल हो गए हैं जिनमें से दो नागरिकों की हालत गंभीर बताई जा रही है जिम्हें श्रीनगर शिफ्ट किया गया है। उन्होंने बताया कि उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा के सुंबल पुल इलाके में संदिग्ध आतंकवादियों द्वारा ग्रेनेड फेंका गया, जिसमें पांच नागरिक घायल हो गए। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आतंकवादियों ने सुरक्षाबलों की ओर ग्रेनेड फेंका, लेकिन ग्रेनेड अपने टारगेट से चूक गया और सड़क किनारे ही फट गया। घटना में घायल नागरिकों को इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, सुरक्षाबलों ने जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले के सुरनकोट (पुंछ) और थानामंडी से सटे आसपास के जंगलों में 15वें दिन भी तलाशी अभियान जारी रखा। सर्च ऑपरेशन के दौरान सोमवार की सुबह पुंछ के भट्टा दुर्रियां जंगल में एक दिन पहले हुई मुठभेड़ वाली जगह पर सोमवार को एक बार फिर फायरिंग शुरू हो गई। मेंढर के साथ राजौरी जिले के थानामंडी और पुंछ के सुरनकोट के समीप के जंगलों में आतंकवादियों की धर पकड़ के लिए बड़े पैमाने पर तलाश अभियान चलाया जा रहा है। इस बीच, जम्मू-कश्मीर के दौरे पर गए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को 2019 पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हुए 40 जवानों को श्रद्धांजलि दी। उनके साथ उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की। तीन दिन के दौरे पर यहां पहुंचे गृहमंत्री ने सोमवार की रात सीआरपीएफ कैंप में ही गुजारी। उन्होंने कल कहा कि वो यहां कश्मीर के युवाओं से सीधे तौर पर बात करने आए हैं। इसके पहले शाह ने कहा था कि आतंकवाद को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। साथ ही उन्होंने सुरक्षा बलों को कहा था कि आतंक के ख़िलाफ़ कड़क कार्रवाई करें।

अन्य खबरे