देश और दुनिया में आज जन्माष्टमी और दही हंडी की धूम
संवाददाता/in24 न्यूज़.
पूरे देश और दुनिया में आज जन्माष्टमी का त्योहार धूमधाम से मनाया जा रहा है. जन्माष्टमी के मौके पर ब्रिटेन में प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार भारतीय मूल के ऋषि सुनक (Rishi Sunak) ने अपनी पत्नी अक्षता (Akshata) संग इंटरनेशनल सोसाइटी फॉर कृष्णा कॉन्शियसनेस (ISKCON) मंदिर पहुंचकर दर्शन किए. उन्होंने बाकायदा मंदिर में दर्शन की तस्वीर शेयर कर ट्वीट कर कहा कि आज मैं अपनी पत्नी अक्षता के साथ जन्माष्टमी मनाने गया था, यह एक लोकप्रिय हिंदू त्योहार है. ब्रिटेन में प्रधानमंत्री चुनाव की भागदौड़ के बीच उनके मंदिर पहुंचने को लेकर सोशल मीडिया दो धड़ों में बंट गया है. एक वर्ग जन्माष्टमी पर उनके मंदिर जाने को सामान्य ठहरा रहा है जबकि दूसरा धड़ा इसे उनकी राजनीति से जोड़कर देख रहा है. भारत के पूर्व विदेश सचिव कंवल सिब्बल ने ऋषि सुनक की सराहना करते हुए ट्वीट कर कहा कि वह अमेरिका में भारतीय मूल के कई नेताओं के विपरीत अपने धर्म और संस्कृति से जुड़े हुए हैं. मैं उन्हें एक नेता के रूप में नहीं बल्कि एक इंसान के तौर पर इसका श्रेय देता हूं. विडंबना है कि उन्हें भारत में नॉन सेक्युलर के तौर पर देखा जाएगा. रूपेन चौधरी नाम के एक सोशल मीडिया यूजर ने ट्वीट कर कहा कि भारतीय मूल के ब्रिटेन के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार ऋषि सुनक जन्माष्टमी पूजा के लिए अपनी पत्नी के साथ इस्कॉन मंदिर पहुंचे. उम्मीद है कि भारत के सेक्युलर को इससे कोई शिकायत नहीं होगी. मनोज मयंक नाम के एक शख्स ने ट्वीट कर कहा कि ऋषि सुनक हिंदू हैं. आज भगवान कृष्ण का जन्मदिन है. इस मौके पर कई हिंदू मंदिर जाते हैं. उन्होंने भी ऐसा ही किया. वह अल्पसंख्यक हिंदुओं का वोट लेने के लिए मंदिर नहीं गए क्योंकि बहुसंख्यक आबादी गैर हिंदू है, ऐसे में उन्हें गैर हिंदुओं के वोट नहीं मिलेंगे. फिर कोई ऐसा क्यों करेगा? राधिका रामचंद्रन ने ट्वीट कर कहा कि यह जानकर खुशी हुई कि आप अभी भी हिंदू मूल्यों में विश्वास और उनका पालन करते हैं. मंदिर पर ऋषि सुनक की हो रही आलोचना का जवाब देते हुए सैम सैड नाम के ट्विटर हैंडल ने ट्वीट कर कहा कि जो लोग यह दावा कर रहे हैं कि वह गुपचुप मंदिर क्यों नहीं गए. उन्हें सलाह है कि हिंदू त्योहार के दौरान मंदिर जाकर देखें. वहां ऐसे समारोह में निजी कुछ नहीं होता. रविंद्र सिंह जडेजा ने ट्वीट कर कहा कि जो लोग ऋषि सुनक के खिलाफ वोटिंग कर रहे हैं. उन्हें बता दें कि आज जन्माष्टमी हैं. वह मंदिर गए, आशीर्वाद लिया, तस्वीर खिंचाई और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट किया. इस बात के लिए नफरत फैलाने की जरूरत नहीं है. प्यारे भारतीयों, तुम लोगों को क्या लेना देना वो प्रधानमंत्री बने या ना बने. तुम्हारा वीजा नहीं लगेगा, ना कोहिनूर मिलेगा. बता दें कि ब्रिटेन के प्रधानमंत्री की दौड़ में ऋषि सुनक, लिज ट्रस के मुकाबले पीछे चल रहे हैं. टोरी वोटर्स के ताजा सर्वे के मुताबिक, लिज ट्रस ने ऋषि सुनक के खिलाफ मजबूत बढ़त बना ली है. आज भारत में कोरोना काल के बाद विशेषकर महाराष्ट्र में जन्माष्टमी के मौके पर दही हंडी का आयोजन किया जा रहा है. बता दें कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने धार्मिक उत्सवों पर से सरे प्रतिबंधों को हटा लिया है, इसलिए जन्माष्टमी की जबरदस्त धूम देखने को मिल रही है.