पीएम मोदी अयोध्या में करेंगे 15 हजार करोड़ से अधिक परियोजनाओं का शिलान्यास
संवाददाता/in24 न्यूज़.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह अयोध्या पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नेउनका स्वागत रामनामी पट्टिका पहना कर किया। पीएम मोदी वायुसेना के विशेष विमान से निर्धारित समयानुसार 10 बज कर 50 मिनट पर अयोध्या के नवनिर्मित महर्षि वाल्मीकि इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचे जहां उनका स्वागत राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। बाद में प्रधानमंत्री रोड शो के जरिए लोगों को अभिवादन स्वीकार करने के लिये रवाना हो गए। इस दौरान भीषण ठंड की परवाह किए बगैर अयोध्या वासियों ने सड़क के दोनों ओर कतारबद्ध होकर अपने प्रधानमंत्री का स्वागत गर्मजोशी से किया। पीएम मोदी के रोड शो के रास्ते को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। जगह जगह सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कलाकार अपनी प्रस्तुति से हर किसी को आकर्षित कर रहे हैं। लोगों ने फूल बरसा कर पीएम मोदी का स्वागत किया। रोड शो के दौरान लोगों ने जय श्रीराम के गगनभेदी नारे लगाए। पीएम मोदी अयोध्या में करीब चार घंटे के संक्षिप्त प्रवास के दौरान 15 हजार 700 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। श्रीराम की नगरी से देश के विभिन्न शहरों के लिए भी सौगातों का पिटारा खुलेगा। पीएम मोदी देश के अलग अलग स्टेशनों से संचालित होने वाली छह वंदे भारत और दो अमृत भारत ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इससे पहले पीएम मोदी पुनर्विकसित अयोध्या धाम जंक्शन रेलवे स्टेशन को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। साथ ही श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा-नई दिल्ली, अमृतसर-नई दिल्ली, कोयम्बटूर-बेंगलुरु, मंगलूरु-मडगांव, जालना-मुंबई एवं अयोध्या-आनंद विहार टर्मिनल के बीच छह वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के साथ ही अयोध्या-दरभंगा एवं मालदा टाउन-बेंगलुरु के बीच दो अमृत भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। प्रधानमंत्री मोदी 1462.97 करोड़ रुपए की लागत से बने महर्षि वाल्मीकि इंटरनेशनल एयरपोर्ट का लोकार्पण करेंगे और 15 हजार 700 करोड़ रुपये की 46 विकास परियोजनाओ का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही वह यहां एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। पीएम मोदी के आगमन के मद्देनजर सुरक्षा के चाक चौबंद इंतजाम किए गए हैं। अयोध्या की ओर आने वाले भारी वाहनों को बदले रूट से चलाया जा रहा है। पीएम मोदी का स्वागत राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। बता दें कि एयरपोर्ट से 11 जनवरी 2024 से अहमदाबाद और अयोध्या के बीच प्रतिदिन तीन उड़ानों का संचालन होगा। वहीं, छह जनवरी को पहली फ्लाइट दिल्ली से अयोध्या के बीच उड़ान भरेगी। शुरुआती संचालन के बाद इस एयरपोर्ट से इंटरनेशनल फ्लाइट्स को ऑपरेशनल करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी, जिसके बाद अयोध्या ग्लोबल सर्किट से सीधे तौर पर जुड़ जाएगा। यानी अयोध्या राममय होने की कगार पर है।