Breaking News

पीएम मोदी ने अमृत कलश यात्रा के समापन पर खाई भारत को भव्य बनाने की कसम

01 Nov, 2023 1235

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमृत कलश यात्रा के समापन के अवसर पर मंगलवार को एक बार अपने उस संकल्प को दोहराया कि साल 2047 तक भारत को एक विकसित देश बनाना है। पीएम मोदी ने यह कसम खाई कि भारत को भव्य बनाएंगे। अपने भाषण के दौरान उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की दांडी यात्रा का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मेरी माटी मेरा देश अभियान से लोग ठीक उसी तर्ज पर जुड़ते चले गए जैसे कभी महात्मा गांधी की दांडी यात्रा के साथ जुड़े थे। उन्होंने दिल्ली में आयोजित इस समारोह के दौरान मेरा युवा भारत पोर्टल की शुरुआत भी की। पीएम मोदी ने कहा कि जब देश आजादी के सौ साल मनाएगा, तब तक भारत को विकसित देश बनाना है। पीएम मोदी ने कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर कर्तव्य पथ एक ऐतिहासिक महायज्ञ का साक्षी बन रहा है। 12 मार्च 2021 को गांधी जी की प्रेरणा से साबरमती आश्रम से शुरू हुआ आजादी का अमृत महोत्सव अब 31 अक्तूबर, 2023 सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर समापन का पल है। ये हुजूम एक नया इतिहास बन गया। उन्होंने कहा कि इस महोत्सव का मेरी माटी मेरा देश अभियान के साथ समापन हो रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि जो माटी का कर्ज चुका दे, वही जिंदगानी है! जो अमृत कलश में यहां आए हैं, इनके भीतर मिट्टी के हर कण अनमोल हैं। ये मिट्टी, हमें विकसित भारत के अपने संकल्प की सिद्धि के लिए और अधिक परिश्रम के लिए प्रेरित करेगी। बता दें कि पीएम मोदी ने अमृत कलश की मिट्टी से तिलक  भी लगाया।

अन्य खबरे