Breaking News

पीएम मोदी ने किया नए संसद भवन की छत पर लगा अशोक स्तंभ का अनावरण

11 Jul, 2022 597

संवाददाता/in24 न्यूज़.
आज नए संसद भवन की छत पर विशाल अशोक स्तंभ (Ashoka Pillar) की स्थापना की गई है। सोमवार को संसद भवन के छत पर बने इस राष्ट्रीय प्रतीक की तस्वीर भी सामने आ गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) ने सोमवार को नए संसद भवन की छत पर लगे विशाल अशोक स्तंभ का अनावरण किया। इस दौरान उन्होंने नए संसद भवन के निर्माण कार्य में लगे श्रमजीवियों से बात भी की। गौरतलब है कि कांस्य से बने इस राष्ट्रीय प्रतीक का कुल वजन 9,500 किलोग्राम और ऊंचाई 20 फीट है। इसे नए संसद भवन के सेंट्रल फोयर के शीर्ष पर स्थापित किया गया है। इसे सहारा देने के लिए 6,500 किलोग्राम वजन वाले स्टील की एक सहायक संरचना का निर्माण भी किया गया है। नए संसद भवन की छत पर राष्ट्रीय प्रतीक की ढलाई की अवधारणा स्केच और प्रक्रिया मिट्टी मॉडलिंग/कंप्यूटर ग्राफिक से कांस्य कास्टिंग और पॉलिशिंग तक तैयारी के आठ अलग-अलग चरणों से गुजरी है। इस स्तंभ को क्रेन के जरिए नए संसद भवन के छत पर स्थापित किया गया है। नए संसद भवन की छत पर बने राष्ट्रीय प्रतीक के अनावरण के अवसर पर लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला, राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, केंद्रीय शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी और केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। बता दें पीएम मोदी की पहल पर ही नए संसद भवन का निर्माण शुरू किया गया था।

अन्य खबरे