Breaking News

पीएम मोदी ने दिया उत्तर प्रदेश को पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का शानदार तोहफ़ा

16 Nov, 2021 784

संवाददाता/in24 न्यूज़.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज उत्तर प्रदेश को विकास के नाम पर एक बड़ा तोहफा दिया है। यूपी में होनेवाले विधान सभा चुनाव से पहले पीएम मोदी ने आज पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की सौगात दी। 341 किलोमीटर लंबा पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पूर्वी और पश्चिमी यूपी को जोड़ेगा। पीएम मोदी ने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण करने के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए अपना भाषण स्थानीय भाषा में शुरू किया। उन्होंने इस धरती को नमन करते हुए कहा कि जिस धरती पर हनुमानजी ने कालनेमि का वध किया, उस पावन धरती के लोगों का मैं चरण स्पर्श करता हूं। उन्होंने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के लोकार्पण की जनता को बधाई दी। एक्सप्रेस-वे लखनऊ के चांद सराय से शुरू होगा और गाजीपुर तक पहुंचेगा। इसे बनाने में 22 हजार 497 करोड़ रुपए का खर्च आया है। ये एक्सप्रेस-वे 9 जिलों लखनऊ, बाराबंकी, अमेठी, अयोध्या, सुल्तानपुर, अंबेडकरनगर, आजमगढ़, मऊ और गाजीपुर से होकर निकलेगा। पीएम मोदी ने जुलाई 2018 में आजमगढ़ से इसकी आधारशिला रखी थी।  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि एक्सप्रेस-वे यूपी में भारत का ग्रोथ इंजन बनने का प्रमाण है। एक्सप्रेस-वे इसका भी प्रमाण है कि डबल इंजन की सरकार कैसे कार्य करती है। उन्होंने कहा कि यह पूर्वी उत्तर प्रदेश के नौ जिलों के साथ ही बिहार के लिए भी महत्वपूर्ण है। बता दें कि इस पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से साफ़ पता चलता है कि विकास के नाम पर सरकार कितनी गंभीर है।

अन्य खबरे