पीएम मोदी ने दी चेन्नई-तेलंगाना को वंदे भारत की सौगात
संवाददाता/in24 न्यूज़.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को दो नई वंदे भारत ट्रेन (vande bharat train) को हरी झंडी दिखाई है। पहली वंदे भारत ट्रेन तेलंगाना के सिकंदराबाद (Secunderabad) से लेकर तिरुपति (Tirupati) तक जाने वाली ट्रेन। वहीं, दूसरी चेन्नई-कोयंबटूर वंदे भारत ट्रेन है। इन ट्रेन से तीन राज्य तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु को फायदा होगा। सिकंदराबाद-तिरुपति वंदे भारत ट्रेन के जरिए 661 किमी की यात्रा आठ घंटे 30 मिनट में पूरी हो जाएगी। वहीं, चेन्नई-कोयंटबटूर वंदे भारत ट्रेन के जरिए 495.28 किमी की यात्रा छह घंटे दस मिनट में पूरी हो जाएगी। इसके साथ ही पीएम मोदी ने चेन्नई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 1,260 करोड़ रुपए की लागत से तैयार नए एकीकृत टर्मिनल भवन (फेज-1) का उद्घाटन कर चेन्नई को एक बड़ी सौगात दी है। हर तरह की सुविधाओं से लैस ये टर्मिनल भवन फेज-1 खास तौर पर राज्य की समृद्ध संस्कृति और विरासत को प्रदर्शित करने के लिए डिजाइन किया गया है। इस मौके पर नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य एम सिंधिया, तमिलनाडु के राज्यपाल आर एन रवि और मुख्यमंत्री एमके स्टालिन सहित अन्य नेता भी मौजूद रहे। बता दें कि सिकंदराबाद-तिरुपति वंदे भारत ट्रेन के हफ्ते में छह दिन तक चलेगी। यह सुबह छह बजे सिकंदराबाद से निकलेगी और दिन में डेढ़ बजे तक तिरुपति पहुंचा देगी। तिरुपति से ये ट्रेन दोपहर तीन बजकर 15 मिनट पर चलेगी। यह रात 11:45 बजे सिकंदराबाद पहुंचेगी। चेन्नई-कोयंबटूर वंदे भारत ट्रेन की बात करें, तो ये ट्रेन छह दिन तक चलेगी। ट्रेन तिरुथुईपूंडी से अगस्त्यमपल्ली तक बतौर डीएमयू ट्रेन चलेगी। वंदे भारत ट्रेन कोयंबटूर से सुबह छह बजे चेन्नई के लिए रवाना होगी। ये सुबह 11:50 पर चेन्नई पहुंच जाएगी। दो वंदे भारत ट्रेन लांच होने के बाद देश में कुल वंदे भारत ट्रेन की संख्या बढक़र 13 हो गई है। टिकट्स की बात करें तो सिंकदराबाद-तिरुपति वंदे भारत ट्रेन के टिकट्स की कीमत करीब 1150 रुपए है. चेन्नई-कोयंबटूर वंदे भारत ट्रेन के टिकट्स की कीमत की बात करें, तो ये 1,365 रुपए है, जिसमें 308 रुपए कैटरिंग चार्ज है। बता दें कि कम समय में अधिक सुविधाओं के साथ इसमें यात्रा की जा सकती है।