प्रधानमंत्री आवास योजना में पीएम मोदी ने किया 1.75 लाख घरों का उद्घाटन
संवाददाता/in24 न्यूज़.
हर किसी का सपना होता है कि उसके पास अपना घर हो, ऐसे ही लोगों का सपना पूरा हुआ है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मध्य प्रदेश में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत बने 1.75 लाख घरों के गृह प्रवेशम् कार्यक्रम का उद्घाटन किया. इस कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मौजूद रहे. इस दौरान अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि मध्य प्रदेश के पौने दो लाख ऐसे परिवार, जिनका गृह-प्रवेश हो रहा है, उनको भी मैं बहुत बधाई देता हूं, इस बार आप सभी की दीवाली, आप सभी के त्योहारों की खुशियां कुछ और ही होंगी. कोरोना काल नहीं होता तो आज आपके जीवन की इतनी बड़ी खुशी में शामिल होने के लिए आपका प्रधानसेवक आपके बीच होता. सामान्य तौर पर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत एक घर बनाने में औसतन 125 दिन का समय लगता है. कोरोना के इस काल में पीएम आवास योजना के तहत घरों को सिर्फ 45 से 60 दिन में ही बनाकर तैयार कर दिया गया है. आपदा को अवसर में बदलने का ये बहुत ही उत्तम उदाहरण है. पीएम मोदी ने कहा कि कोरोना काल में तमाम रूकावटों के बीच भी देशभर में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 18 लाख घरों का काम पूरा किया गया है. उसमें 1.75 लाख घर अकेले मध्य प्रदेश में ही पूरे किए गए हैं. मुझे संतोष है कि पीएम गरीब कल्याण अभियान से मध्य प्रदेश सहित देश के अनेक राज्यों में करीब 23 हज़ार करोड़ रुपए के काम पूरे किए जा चुके हैं. पीएम गरीब कल्याण अभियान के तहत घर तो बन ही रहे हैं, हर घर जल पहुंचाने का काम हो, आंगनबाड़ी और पंचायत के भवनों का निर्माण हो, पशुओं के लिए शेड बनाना हो, तालाब और कुएं बनाना हो, ग्रामीण सड़कों का काम हो, गांव के विकास से जुड़े ऐसे अनेक काम तेज़ी से किए गए हैं. बता दें कि पीएम मोदी द्वारा दिए गए घरों का तोहफा पानेवाले लोग आज का दिन अपने लिए बड़ा त्यौहार मान रहे हैं.