फाइनल ईयर एग्जाम के लिए सुप्रीम कोर्ट सहमत
संवाददाता/in24 न्यूज़.
फाइनल ईयर के विद्यार्थियों के लिए राहत की खबर है. सुप्रीम कोर्ट ने फाइनल ईयर की परीक्षा लेने के यूजीसी के छह जुलाई के सर्कुलर को सही ठहराया है। कोर्ट ने कहा है कि राज्य सरकारें आपदा कानून के तहत फैसला ले सकती हैं लेकिन यूजीसी की अनुमति के बिना छात्र को प्रमोट नहीं कर सकते हैं। कोर्ट ने कहा कि जो राज्य सरकार 30 सितंबर तक परीक्षा नहीं चाहते हैं वे टालने के लिए यूजीसी को आवेदन दें। इस फैसले का मतलब ये है कि कोर्ट ने यूजीसी के अधिकार को मान्यता दी है। कोर्ट ने यह भी कहा है कि राज्य को आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत परीक्षा टालने का अधिकार है लेकिन ऐसा फैसला लेने के बाद भी उन्हें यूजीसी को आवेदन देना होगा। परीक्षा के बिना छात्रों को पास घोषित नहीं किया जा सकता है। कोर्ट ने पिछले 18 अगस्त को कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया था। एक याचिकाकर्ता यश दुबे की ओर से पिछले 14 अगस्त को वरिष्ठ वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा था कि यह मामला छात्रों के जीवन और स्वास्थ्य से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि क्लास के बिना परीक्षा कैसे हो सकती है। सिंघवी ने कहा था कि गृह मंत्रालय ने अब तक शैक्षणिक संस्थानों को खोलने की अनुमति नहीं दी है, लेकिन परीक्षा आयोजित करने की अनुमति दी है। उन्होंने कहा था कि ऐसा करते समय विवेक का उपयोग नहीं किया गया। सिंघवी ने कहा था कि गृह मंत्रालय ने अपने दिशानिर्देशों में से कभी भी किसी दिशानिर्देश में छात्रों को ये नहीं बताया कि पूरी परीक्षा आयोजित की जाएगी। बहरहाल, सुप्रीम कोर्ट द्वारा दी गए हरी झंडी से विद्यार्थियों ने राहत की सांस ली है.