Breaking News

फिरोजाबाद बदलकर अब होगा चंद्रनगर

02 Dec, 2023 465

संवाददाता/in24 न्यूज़.
देश में अनेक स्थानों के नाम बदलने की कड़ी में अब बारी है पश्चिमी उत्तर प्रदेश के फ़िरोज़ाबाद की जिसका नाम बदलकर चंद्रनगर हो जाएगा। फिरोजाबाद का नाम अब चंद्रनगर करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है। नगर निगम की कार्यकारिणी की बैठक में इस प्रस्ताव को रखा गया। निगम की बैठक में 12 में से 11 कार्यकारिणी सदस्यों ने इसका समर्थन किया। इससे दो साल पहले जिला पंचायत की बैठक में भी यह प्रस्ताव पास हो गया था। फिरोजाबाद सुहाग की नगरी के रूप में जाना जाता है। इस प्रस्ताव को अब शासन के पास भेज दिया गया है, जहां इसके नाम पर फाइनल मुहर लगेगी। बैठक में कुल 17 प्रस्ताव पेश किए गए। कर अधिकारी नीरज पटेल ने फिरोजाबाद का नाम बदलकर चंद्रनगर करने का प्रस्ताव रखा, जिसे बिना किसी बहस के पारित कर दिया गया। वार्ड संख्या 61 से समाजवादी पार्टी (SP) के पार्षद मोहम्मद रिहान ने सबूत पेश करने का सुझाव दिया कि फिरोजाबाद को पहले चंद्रनगर कहा जाता था। उन्होंने कहा कि अगर कोई सबूत नहीं है, तो इसे फिरोजाबाद ही छोड़ देना चाहिए। इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद फिरोजाबाद का नाम बदलने की उम्मीद और उम्मीद बढ़ गई है। फिऱोजाबाद अपने कांच और चूड़ी उत्पादों के लिए प्रसिद्ध है। बताया जाता है कि मुगल बादशाह अकबर के सेनापति फिरोज शाह के बेटे के नाम पर इस शहर का नाम फिरोजाबाद रखा गया। हालांकि, स्थानीय लोगों का मानना रहा है कि फिरोजाबाद का नाम पहले चंद्रनगर था, इसलिए फिर से उसे चंद्र नगर करने की मांग उठी। अब प्रस्ताव के जरिए पास कर दिया गया है। यह पहला मौका नहीं है, जब उत्तर प्रदेश के किसी जिला का नाम बदला जा रहा है। अलीगढ़ का नाम हरिगढ़ करने के प्रस्ताव को भी नगर निगम की ओर से पास कर दिया गया है। वहीं फैजाबाद और इलाहाबाद जिला का नाम पहले ही बदल दिया गया है। फैजाबाद को जहां अयोध्या किया गया है, तो वहीं इलाहाबाद अब प्रयागराज के नाम से जाना जाता है। बता दें कि इस संदर्भ में अंतिम फैसला मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेना है।

अन्य खबरे