ब्रिटेन के पीएम बोरिस जॉनसन बतौर मेहमान 26 जनवरी को नहीं आएंगे भारत
संवाददाता/in24 न्यूज़.
पूरी दुनिया में जिस तरह एकबार फिर से कोरोना का संकट बढ़ गया है इससे लोगों में दहशत बढ़ी है. आगामी 26 जनवरी को होनेवाले गणतंत्र दिवस के आयोजन पर भी इसका असर पड़ा है. ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने कोरोना वायरस के नए स्ट्रेन के चलते अपना भारत दौरा रद्द कर दिया है. बोरिस जॉनसन का इस साल गणतंत्र दिवस के दिन होने वाले समारोह के लिए मुख्य अतिथि थे. ऐसे में इस बात की संभावना बढ़ गई है कि इस साल गणतंत्र दिवस के दिन कोई मुख्य अतिथि नहीं होगा. खबरों के मुताबिक़ बोरिस जॉनसन का दौरा रद्द होने के बाद सरकार ने किसी भी विदेशी मेहमान को गणतंत्र दिवस के समारोह के लिए बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने का न्यौता नहीं भेजा है. कोरोना वायरस महामारी के कारण इस साल गणतंत्र दिवस का आयोजन काफी सादगी के किया जाएगा. अगर यह रिपोर्ट सही है तो साल 1966 के बाद ऐसा पहला मौका होगा जब गणतंत्र दिवस के लिए कोई मुख्य अतिथि नहीं होगा. ब्रिटेन में कोरोना वायरस का नया स्ट्रेन तेजी से लोगों को अपना शिकार बना रहा है. हर बीतते दिन के साथ ब्रिटेन में स्थिति चिंताजनक होती जा रही है. वहीं ब्रिटेन में कोरोना के कारण सख्त लॉकडाउन लगाया गया है. इसी के मद्देनजर बोरिस जॉनसन ने अपनी भारत यात्रा रद्द की है. इस मामले में डाउनिंग स्ट्रीट के प्रवक्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री जॉनसन की योजना के अनुसार इस महीने के आखिर में होने वाली अपनी भारत यात्रा पर नहीं जा सकने के लिए खेद प्रकट करने को लेकर आज सुबह प्रधानमंत्री मोदी से बात की है. बीती रात घोषित राष्ट्रीय लॉकडाउन के आलोक में और कोरोना वायरस के नए प्रकार के फैलने की गति के मद्देनजर प्रधानमंत्री ने कहा है कि उनके लिए यह जरूरी है कि वह ब्रिटेन में मौजूद रहें, ताकि वह वायरस के खिलाफ घरेलू प्रतिक्रिया पर ध्यान दे सकें. बता दें कि कोरोना संकट ने स्ट्रेन के जरिए कई देशो की चिंताएं बढ़ाने का काम किया है.