भगोड़ा कारोबारी मेहुल चोकसी डोमिनिका में पकड़ा गया जल्द ही भेजा जा सकता है भारत
संवाददाता/in24 न्यूज़.
पंजाब नेशनल बैंक घोटाले का आरोपी कारोबारी मेहुल चोकसी को जल्द ही भारत प्रत्यर्पण प्रत्यर्पित करने की संभावना बढ़ गई है। बता दें कि एंटीगुआ और बारबुडा से हाल में फरार हुए भगोड़े हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी को पड़ोस के डोमिनिका में पकड़ लिया गया है। बताया जा रहा है कि चोकसी बोट की मदद से डोमिनिका पहुंचा था। उसके खिलाफ इंटरपोल ने येलो नोटिस जारी किया था। स्थानीय मीडिया की खबरों में बुधवार को इस बारे में जानकारी दी गई। गौरतलब है कि पंजाब नेशनल बैंक घोटाले का आरोपी कारोबारी मेहुल चोकसी बीते दिनों एंटीगुआ में गायब हो गया था। डोमिनिका में स्थानीय पुलिस ने उसे दबोच लिया। चोकसी को एंटीगुआ अथॉरिटी को सौंपने की प्रक्रिया चल रही है। वहीं मेहुल चोकसी के डोमिनिका से गिरफ्तार होने के बाद भारत लाने की तैयारी तेज कर दी गई है। एंटीगुआ और बारबुडा के प्रधानमंत्री गैस्टन ब्राउन ने कहा कि अगले 48 घंटे के अंदर मेहुल चोकसी को भारत भेजा जा सकता है। अभी तक की खबर के मुताबिक मेहुल चोकसी डोमिनिका से सीधे भारत प्रत्यर्पित किया जाएगा। पिछले दिनों भगोड़े हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी के वकील विजय अग्रवाल ने उसके गायब होने पुष्टि की है। मीडिया से बात करते हुए चोकसी के वकील ने बताया कि हीरा कारोबारी के गायब होने से उनका परिवार परेशान है और उन्हें इस पर चर्चा करने के लिए बुलाया गया था। उन्होंने बताया कि फिलहाल एंटीगुआ पुलिस मामले की जांच कर रही है, लेकिन परिवार चोकसी की सुरक्षा को लेकर चिंतित है। रॉयल पुलिस फोर्स के मुताबिक मेहुल चोकसी की तलाश में पुलिस ने उसकी तस्वीर के साथ एक बयान जारी किया, ताकि लोगों से उसके संबंध में जानकारी हासिल की जा सके। बयान में कहा गया है, कि पुलिस जॉली हार्बर के निवासी 62 वर्षीय मेहुल चोकसी के लापता होने के मामले की जांच कर रही है। चोकसी के लापता होने की शिकायत जॉनसन प्वाइंट पुलिस थाने में दर्ज कराई गई है। वह 23 मई, 2021 से लापता है। चोकसी को आखिरी बार उसकी कार में देखा गया था। कार तो पुलिस ने बरामद कर ली है लेकिन चोकसी का कुछ पता नहीं चल पाया है। बता दें कि इसी साल फरवरी में प्रवर्तन निदेशालय ने पंजाब नेशनल बैंक घोटाले में गीतांजलि समूह और आरोपी एवं इसके प्रवर्तक मेहुल चोकसी की 14 करोड़ रुपए से ज्यादा की संपत्ति कुर्क की थी। यह घोटाला 13 हजार करोड़ से ज्यादा का है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने एक बयान में बताया था कि धन शोधन रोधी कानून के तहत कुर्क की गई संपत्ति में मुंबई के गोरेगांव इलाके में O2 टावर स्थित 1,460 वर्ग फुट का फ्लैट, सोने एवं प्लेटिनम के आभूषण, घड़ियां, हीरे, चांदी एवं मोतियों के नेकलेस और एक मर्सिडीज बेंज कार शामिल थी। जाहिर है मेहुल चौकसी के भारत प्रत्यर्पण के बाद कई राज पर से पर्दा हट सकता है।