भारत के डेढ़ सौ ज़िलों में लग सकता है लॉकडाउन
संवाददाता/in24 न्यूज़.
भारत में कोरोना के मामले लगातार आंकड़ों के माध्यम से डराने का काम कर रहे हैं। कई राज्यों में कोरोना के कारण हो रही मौतों का सिलसिला भी बढ़ता जा रहा है। इसी बीच एक मीडिया हाउस ने एक रिपोर्ट प्रकाशित की है। इस रिपोर्ट में दावा किया गया है कि अगर हालात काबू में नहीं आए तो आने वाले दिनों में देश के 150 जिलों में पूर्ण लॉकडाऊन लगाया जा सकता है। रिपोर्ट में बताया गया कि ये वो जिले होंगे जहां कोरोना केसों की पॉजिटिविटी रेट 15 फीसदी से ज्यादा है। सूत्रों के मुताबिक ऐसा प्रस्ताव केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से एक हाई लेवल मीटिंग में तैयार किया गया है। हालांकि इस प्रस्ताव पर अंतिम फैसला केंद्र सरकार और राज्य सरकारों की बातचीत के बाद ही लिया जाएगा। जरूरत के हिसाब से इस प्रपोजल में बाद में कुछ बदलाव भी किए जा सकते हैं लेकिन अभी की स्थिति को कंट्रोल करने के लिए उन जिलों पर ध्यान दिया गया है जहां पॉजिटिविटी रेट हाई है। जो प्रस्ताव केंद्र को भेजा गया है उसमें इस बात पर जोर दिया गया है कि 15 फीसदी से ज्यादा पॉजिटिविटी रेट वाले जिलों में लॉकडाउन जरूरी है। इन जिलों में जरूरी सेवाओं को छूट देकर लॉकडाउन लगाना होगा नहीं तो स्वास्थ्य प्रणाली पर इसका बोझ अधिक बढ़ जाएगा। सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि ऐसे जिले जहां संक्रमण की दर अधिक है वहां कोरोना की रफ्तार रोकने के लिए ऐसे कदम उठाए जाने जरूरी हैं। कुछ हफ्ते का लॉकडाउन लगाए जाने से कोरोना के चेन को ब्रेक किया जा सकता है। देश में कोरोना के बढ़ते मामलों के कारण ऑक्सीजन का संकट खड़ा हो गया है। इस बीच सरकार ने बताया कि लिक्विड मेडिकल ऑक्सिजन (एलएमओ) का उत्पादन बढक़र प्रतिदिन 8,922 टन हो गया है, जिसके महीने के अंत तक प्रतिदिन 9,250 टन से अधिक हो जाने की उम्मीद है। बता दें कि कोरोना मामले में पिछले 24 घंटों का आंकड़ा 3,60,960 तक पहुंचा है।