भारत के 50वें मुख्य न्यायाधीश बने न्यायमूर्ति डीवाई चंद्रचूड़
संवाददाता/in24 न्यूज़.
आज औपचारिक रूप से भारत के नए सीजेआई के रूप में न्यायमूर्ति डीवाई चंद्रचूड़ ने (Justice DY Chandrachud) भारत के 50वें मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में न्यायमूर्ति उदय उमेश ललित के उत्तराधिकारी के रूप में न्यायमूर्ति डीवाई चंद्रचूड़ को भारत के 50वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में पद की शपथ दिलाई। इस मौके पर उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे। बता दें कि जस्टिस यूयू ललित की जगह जस्टिस चंद्रचूड़ नए मुख्य न्यायाधीश बने हैं। जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ का कार्यकाल 10 नवंबर, 2024 तक रहेगा। बता दें कि जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ के पिता जस्टिस वाईवी चंद्रचूड़ भी CJI रह चुके हैं। जस्टिस वाईवी चंद्रचूड़ 2 फरवरी 1978 से 11 जुलाई 1985 तक भारत के 16वें मुख्य न्यायाधीश रहे थे। वहीं भारत की न्यायपालिका के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है कि पिता-पुत्र CJI बने हैं। वहीं बात करें जस्टिस चंद्रचूड़ की तो उन्हें नागरिकों के मौलिक अधिकारों के प्रति भी बहुत संवेदनशील माना जाता है। जस्टिस चंद्रचूड़ की सबसे बड़ी विशेषता दुर्व्यवहार करने वालों के प्रति उनका सख्त रवैया माना जाता है। फिलहाल उन्हें लगातार बधाइयां मिल रही हैं।