Breaking News

भारत-चीन विवाद अब भी कायम, बेनतीजा रही आठवें दौर की बैठक

09 Nov, 2020 705

संवाददाता/in24 न्यूज़.
चीन लगातार भारत से पंगा लेता दिख रहा है क्योंकि भारत-चीन सीमा विवाद का रास्ता नहीं निकल पा रहा है. छह नवंबर को दोनों देशों के बीच कमांडर लेवल की बातचीत हुई थी. लेकिन छह महीने से चल रही सैन्य गतिरोध की यह मीटिंग भी बेनतीजा रही. चुशूल में कमांडर लेवल की यह बातचीत दस घंटे तक चली थी. इसके बाद भी इस बातचीत का कोई ठोस नतीजा नहीं निकला. लद्दाख गतिरोध के बाद भारत-चीन कोर कमांडर स्तर की बैठक का यह 8वां दौर था. कमांडर लेवल की बातचीत के बाद दोनों देशों ने साझा बयान जारी किया है. बयान में कहा गया कि दोनों पक्षों ने विवाद के मुद्दों पर रचनात्मक चर्चा की. लेकिन दोनों पक्ष अपनी बातों और अड़े रहे और बैठक बेनतीजा रहा. भारत की तरफ से कहा गया कि चीन पहले अपनी सेना को उस जगह पर पीछे ले जाए, जहां मई से पहले वाली स्थिति थी. जबकि चीन अपनी सेना हर जगह से हटाना नहीं चाहता. इसके बजाय वह कुछ जगहों से अपनी सेना हटाना चाह रहा है. इस बात पर भारत सहमत नहीं है. हालांकि दोनों देशों ने तय किया कि अपने सैनिकों से वह संयम बरतने के लिये कहेंगे. दोनों देशों के बयान के अनुसार, दोनों पक्षों ने राजनयिक तथा सैन्य चैनलों के माध्यम से बातचीत के लिए रजामंदी जताई है. दोनों देशों ने तय किया है कि बॉर्डर पर मिलकर शांति बनाए रखेंगे. इसके अलावा जल्द ही बैठक का एक अन्य दौर आयोजित करने पर दोनों पक्ष सहमत हुए हैं. भारत ने पूर्वी लद्दाख में गतिरोध वाले सभी स्थानों से चीनी सैनिकों को पीछे हटाने पर जोर दिया. चीन अगर वाकई गंभीर होता तो कोई न कोई रास्ता ज़रूर निकलता. मगर उसकी मंशा से जाहिर है वह दोनों देशों के बीच के तनाव के प्रति गंभीर नहीं है.

अन्य खबरे