मोबाइल और लैपटॉप चार्ज करने की सुविधा रात में नहीं देगी रेलवे
संवाददाता/in24 न्यूज़.
सुविधाओं के नाम रेलवे ने हमेशा बड़े-बड़े दावे किए है, मगर अब सफर के दौरान रात को आपको मोबाइल या लैपटॉप चार्ज करने की सुविधा नहीं मिलेगी। दरअसल एक मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि भारतीय रेलवे ने अपना नियम बदल दिया है। पश्चिमी रेलवे के पब्लिक रिलेशन ऑफिसर सुमित ठाकुर के मुताबिक रेलवे ने यह बड़ा फैसला यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ही लिया है। इस फैसले के तहत रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक चार्जिंग प्वाइंट स्विच ऑफ रहेंगे और इस दौरान यात्री उनका इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे। ये फैसला आग की बढ़ती घटनाओं के मद्देनजर लिया गया है। दरअसल 13 मार्च को दिल्ली-देहरादून शताब्दी एक्सप्रेस में आग लग गई थी। इसके अलावा रेलवे ने धूम्रपान करने वालों पर भी नकेल कसने का फैसला किया है। रेलवे ऐसे अपराधों के लिए सजा में वृद्धि का प्रस्ताव करने की योजना बना रहा है। रेल अधिनियम की धारा 167 के तहत गाड़ियों के अंदर धूम्रपान करने वालों को दंडित किया जाता है। धूम्रपान करने वाले यात्रियों को सौ रुपए तक का जुर्माना देना पड़ता है। जाहिर है सुरक्षा सबसे पहले बाकी सब बाद में। मगर भारतीय रेल यात्री पहले अपनी सुविधा देखते हैं, बाकी सब बाद में।