वेंकैया नायडू को पीएम मोदी समेत राज्यसभा सदस्यों ने दी विदाई
संवाददाता/in24 न्यूज़.
उप राष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति वेंकैया नायडू को कार्यकाल समाप्त होने पर आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि राज्यसभा के सभापति वेंकैया नायडू की कर्तव्य निष्ठा, लगन, मेहनत और कार्य के प्रति समर्पण देश, समाज और विशेष रूप से युवाओं के लिए प्रेरणादायी रहा है और उनके अनुभव का देश को आगे भी लाभ मिलता रहेगा। राज्यसभा के सभापति के रूप में नायडू का बुधवार को कार्यकाल समाप्त होने से पहले मोदी ने सदन में उनके सम्मान में विदायी भाषण देते हुए कहा कि यह बेहद भावुक पल है, कितने ही ऐतिहासिक पल सदन में आपकी उपस्थिति से जुड़े हैं। नायडू की पूर्व में कही गई बातों का हवाला देते हुए पीएम मोदी प्रधानमंत्री ने कहा कि आप भले ही राजनीति से रिटायर्ड हो जाएं, लेकिन सार्वजनिक जीवन में आपके लंबे अनुभव का लाभ देश को मिलता रहेगा। आजादी के अमृतकाल के 25 वर्षों का उल्लेख करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि अब देश का नेतृत्व भी नए युग के हाथों में है। इस बार जब देश स्वतंत्रता दिवस मनायेगा तो राष्ट्रपति, उप राष्ट्रपति, लोकसभा अध्यक्ष और प्रधानमंत्री के पद पर ऐसे लोग आसीन होंगे जिनका जन्म आजादी के बाद हुआ है और ये सभी बेहद साधारण घरों से आते हैं। उन्होंने कहा कि इस बात का अपना संदेश है और यही नये युग का प्रतीक भी है। नायडू के उप राष्ट्रपति के रूप में कार्यकाल का उल्लेख करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि उन्होंने युवाओं के कल्याण और मार्गदर्शन में उल्लेखनीय योगदान दिया है। नायडू का युवाओं से विशेष लगाव रहा है और उनके 25 प्रतिशत भाषण युवाओं के बीच तथा उनके कल्याण तथा प्रगति पर केन्द्रीत रहे हैं। उन्होंने कहा कि नायडू ने अलग अलग भूमिकाओं में रहते हुए देश के प्रति पूरी निष्ठा , लगन, समर्पण और मेहनत से काम किया। इसी लगन और सामर्थ्य के बल पर नायडू दक्षिण भारत में भाजपा की मशाल उठाये रहे और एक दिन पार्टी के अध्यक्ष पद पर पहुंचे। पीएम मोदी ने कहा कि नायडू ने सदन में मातृ भाषा में विचार रखने के लिए सदस्यों को प्रोत्साहित किया और उनके नेतृत्व में राज्यसभा की उत्पादकता 70 प्रतिशत बढ़ी तथा सदस्यों की उपस्थिति में भी वृद्धि हुई। नायडू को शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने उम्मीद जतायी कि राज्यसभा उनकी विरासत का अनुसरण करती रहेगी। राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने नायडू के साथ सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष से भी अधिक लंबे साथ का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने दबाव और कठिनाई के बावजूद राज्यसभा के सभापति के रूप में अपनी भूमिका को बेहद अच्छे ढंग से निभाया। नायडू के जाने के बाद की परिस्थितियों के बारे में आशंका व्यक्त करते हुए उन्होंने अपने विशेष अंदाज में कहा कि आप के जाने के बाद मौसम बहुत सतायेगा। उन्होंने कहा कि क्या मौसम होगा! कैसे सतायेगा, पता नहीं! बता दें कि जगदीप धनगड़ अब देश के अगले उप राष्ट्रपति के तौर पर अपना कार्यकाल शुरू करेंगे।