Breaking News

व्यापारियों ने किया आज भारत बंद

26 Feb, 2021 1542

संवाददाता/in24 न्यूज़.
आज भारत बंद का आयोजन देशभर के व्यापारिक संगठनों सहित कई परिवहन संगठनों ने किया है। यह बंद आज सुबह 6 बजे से शुरू हो चुका है और शाम 8 बजे तक लागू रहेगा। बंद शुरू होने के कुछ घंटों के भीतर कई राज्यों में इसका असर दिख रहा है। कॉन्फ़ेडरेशन ऑफ़ आल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने जीएसटी नियमों की समीक्षा की मांग करते हुए यह बंद बुलाया है। वहीं, ई-वे बिल और तेल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ भी उनका विरोध है।बता दें कि हाल ही में जीएसटी यानी गुड्स एंड सर्विसेज़ टैक्स एक्ट में किए गए संशोधन किए गए हैं, जिनका ये संगठन विरोध कर रहे हैं। उनका कहना है कि ये संशोधन व्यापार के प्रतिकूल हैं। परिवहन संगठन बढ़ते पेट्रोल-डीजल की कीमतों के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे। इस बंद के तहत देशभर के बाजार बंद रहेंगे और कोई भी व्यापारिक गतिविधियां नहीं होंगी। देश के सभी राज्यों के अधिकतर व्यापारिक संगठन बंद में शामिल हो रहे हैं। कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स के भारत बंद आह्वान का असर दिल्ली के बाजार पर नहीं दिख रहा है। यहां के व्यापारियों का कहना है कि जीएसटी के प्रावधान बहुत ही जटिल, कठोर और पीछे ले जाने वाले हैं, लेकिन यहां पर बंद रखने को समाधान न मानते हुए बाजार खुले रखे गए हैं। गौरतलब है कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में तेजी के विरोध और ई-वे बिल कानूनों को खत्म करने को लेकर ऑल इंडिया ट्रांसपोर्ट वेलफेयर एसोसिएशन ने भी भारत बंद का समर्थन किया है। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में बंद का असर दिख रहा है। यहां पर बाजार बंद हैं। बता दें कि देश की आर्थिक राजधानी पर इस बंद का असर देखने को नहीं मिला।

अन्य खबरे