शराबियों ने उड़ाई लॉकडाउन की धज्जियां
संवाददाता/in24 न्यूज़.
कोरोना वायरस ने महामारी की शक्ल दिखाई तो वहीं शराब पीने वालों की हवाइयां उड़ गई क्योंकि दुकानें बंद कर दी गई थीं. शराब के शौकीनों के लिए जब घोषणा की गई कि अब वे शराब ले सकेंगे तब उनके चेहरे खिले नज़र आये. लॉकडाउन के तीसरे चरण में केंद्र सरकार ने शराब की दुकानों को खोलने की छूट दे दी है। इस दौरान देश के कई राज्यों में शराब की दुकानों पर कई किलोमीटर लंबी लाइने देखने को मिल रही हैं। लोग सुबह से ही शराब की दुकानों के बाहर इकट्ठा होना शुरू गए। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने साफ निर्देश दिए हैं कि इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा ख्याल रखा जाए। मगर शराब प्रेमियों ने अतिउत्साह में आकर इसकी धज्जियां तक उड़ा दी. मजबूरन इस स्थिति में पुलिस को कई राज्यों में लाठी चार्ज करनी पड़ी। इसके साथ ही राजधानी दिल्ली में भी सोमवार से शराब की दुकानें खुलीं, मगर ग्राहकों का टूटता सब्र देखकर कई दुकानों को बंद करने की नौबत आ गई. शराब के लिए ऐसी अफरातफरी मची जैसे सिर्फ एक दिन के लिए ही शराब की दुकानें खोली गई हों. कई जगह तो शराबियों की भीड़ देखकर हर कोई हैरान नज़र आया. कुल मिलाकर शराब के लिए लोगों को खराब होते हुए देखा गया.