सीआरपीएफ कैंप में गोलीबारी, जवान ने अपने ही साथियों चलाईं गोलियां, 4 की मौत तीन घायल
संवाददाता/in24 न्यूज़.
एक बड़े घटनाक्रम के तहत छत्तीसगढ़ के सुकमा के सीआरपीएफ के शिविर में एक जवान ने अपने साथियों पर गोली चला दी है। जानकारी के मुताबिक, इस घटना में चार जवानों की मौत हो गई है जबकि तीन अन्य घायल भी हुए हैं। सोमवार सुबह पुलिस ने ये जानकारी दी है। राज्य के बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी ने बताया कि सुकमा जिले के लिंगमपल्ली गांव में स्थित सीआरपीएफ की 50वीं बटालियन के शिविर में एक जवान ने अपने साथियों पर गोली चला दी है। पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी के मुताबिक, इस घटना में चार जवानों की मौत हो गई है। साथ ही तीन अन्य घायल भी हुए हैं। हालांकि अभी तक गोली चलाने की वजह साफ नहीं हो पाई है। सुंदरराज ने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली है कि आज तड़के करीब 3.30 बजे एक जवान ने विवाद के बाद अपनी एके-47 राइफल से अन्य जवानों पर गोली चला दी। इस घटना में चार जवानों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद अन्य जवान और अधिकारी भी वहां पहुंच गए और आरोपी जवान को पकड़ लिया। बाद में हताहत जवानों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस आरोपी जवान से पूछताछ की जा रही है। सुंदरराज के मुताबिक, घायल जवानों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है और आगे कार्रवाई शुरू है।