सीबीआई की न्यूज क्लिक पर छापेमारी, एफआईआर दर्ज
संवाददाता/in24 न्यूज़.
सीबीआई ने न्यूज पोर्टल न्यूजक्लिक की मुश्किलें बढ़ा दी है। सीबीआई अब विदेशी योगदान विनियमन अधिनियम (एफसीआरए) के उल्लंघन के आरोपों की जांच करेगी। एजेंसी ने दिल्ली में इसके कार्यालय सहित दो स्थानों पर तलाशी भी ली। सीबीआई के एक सूत्र ने बताया कि सीबीआई, न्यूज़क्लिक के खिलाफ विदेशी फंड नियमों के उल्लंघन के आरोपों की जांच करेगी, यह मामला दर्ज कर लिया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक सूत्र ने कहा कि सीबीआई ने राष्ट्रीय राजधानी में न्यूजक्लिक और इसके संपादक प्रबीर पुरकायस्थ के परिसरों की भी तलाशी ली है। वह जल्द ही अपनी जांच शुरू करेगी। मामले में यह मोड़ गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम के प्रावधानों के तहत दर्ज एक मामले के सिलसिले में दिल्ली पुलिस की विशेष शाखा द्वारा राष्ट्रीय राजधानी में कई स्थानों पर तलाशी लेने के कुछ दिनों बाद आया है। इसमें न्यूजक्लिक और उससे जुड़े पत्रकारों के परिसर भी शामिल हैं। बता दें कि मोदी सरकार की खिलाफत करने वाले पत्रकारों पर आरोप है कि उन्हें चीन की तरफ से फंडिंग की जाती रही है।