हेरोइन की खेप लेकर आ रहे दो घुसपैठियों को बीएसएफ ने किया ढेर
संवाददाता/in24 न्यूज़.
भारत-पाकिस्तान सीमा (India-Pakistan border) पर बॉर्डर पार से घुसपैठ कर रहे दो घुसपैठियों (intruders) को बीएसएफ (BSF) ने मार गिराया है। यह घटना बाड़मेर के गडरा रोड पर बाड़मेरवाला बॉर्डर पोस्ट की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि बीएसएफ द्वारा चेतावनी दिए जाने पर भी दोनों घुसपैठिए नहीं रुके थे, जिसके बाद दोनों को ढेर कर दिया गया। बाड़मेर के गडरा रोड पर बाड़मेरवाला बॉर्डर पोस्ट पर तारबंदी क्रॉस करने के दौरान बीएसएफ ने दोनों घुसपैठियों को मार गिराया। जानकारी के मुताबिक दोनों घुसपैठिए हेरोइन की खेप लेकर सीमा पार से भारत में घुसने की फिराक में थे। इस पूरे मामले की सूचना मिलने पर बीएसएफ अधिकारी और बाड़मेर पुलिस के आला अफसर मौके पर पहुंच गए।गडरा रोड थाना इलाके के बाड़मेरवाला बॉर्डर पोस्ट में दो घुसपैठिए सीमापार से भारतीय क्षेत्र में घुस गए थे, जिन्हें बीएसएफ के जवानों ने अंदर घुसते देख लिया और उन्हें रुकने के लिए कहा गया। इस पर जब दोनों घुसपैठिए नहीं रुके तो उन पर फायर कर वहीं मार गिराया। इस पूरे मामले में अब यह भी खबर निकलकर सामने आ रही है कि दोनों घुसपैठिए हेरोइन की बड़ी खेप लेकर सीमा पार से भारत में घुसने की फिराक में रहे होंगे। इस मामले में बीएसएफ अधिकारी और बाड़मेर पुलिस जांच पड़ताल शुरू कर घुसपैठियों के भारत में घुसने के पीछे का मकसद जानना चाह रही है ताकि एक बड़ा खुलासा हो सके।