पूरी दुनिया के लिए भारत एक उम्मीद की किरण : पीएम मोदी

 19 May 2022  742

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के वडोदरा में वर्चुअल माध्यम से एक युवा शिविर को संबोधित करते हुए कहा कि नये भविष्य के लिए तत्पर देश के रूप में उभर रहा भारत पूरी दुनिया के लिए उम्मीद की किरण है। उन्होंने कहा कि भारत आज दुनिया की नई उम्मीद है। हम पूरी मानवता को योग का रास्ता दिखा रहे हैं, आयुर्वेद की ताकत से परिचित करवा रहे हैं। हम सॉफ्टवेयर से लेकर स्पेस तक, एक नए भविष्य के लिए तत्पर देश के रूप में उभर रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि सभी देशवासियों को मिलकर ऐसा भारत बनाना है जो पूरी मानव जाति को नई दिशा प्रदान करे। उन्होंने कहा कि हम सबको ऐसा नया भारत बनाने का संकल्प लेना है, जो नई सोच और सदियों पुरानी संस्कृति दोनों को एक साथ लेकर आगे बढ़े, पूरे मानव जाति को दिशा दे। कोरोना काल के संकट के बीच दुनिया को वैक्सीन और दवाइयां पहुंचाने से लेकर बिखरी हुई आपूर्ति श्रृंखला के बीच आत्मनिर्भर भारत की उम्मीद तक, वैश्विक अशांति और संघर्षों के बीच शांति के लिए एक सामर्थ्यवान राष्ट्र की भूमिका तक, भारत दुनिया की उम्मीद है। नये भारत के निर्माण के लिए युवाओं का आह्वान करते हुए कहा उन्होंने कहा कि आज हम नये भारत के निर्माण के लिए सामूहिक संकल्प ले रहे हैं, प्रयास कर रहे हैं। एक ऐसा नया भारत, जिसकी पहचान नई हो,जो आगे बढ़ने के बारे में सोचता हो और उसकी परम्पराएं प्राचीन हों। युवाओं को देश और दुनिया के कल्याण की दिशा में बढचढ कर काम करने की प्रेरणा देते हुए उन्होंने कहा कि हमारे लिए संस्कार का अर्थ है- शिक्षा, सेवा और संवेदनशीलता! हमारे लिए संस्कार का अर्थ है- समर्पण, संकल्प और सामर्थ्य! हम अपना उत्थान करें, लेकिन हमारा उत्थान दूसरों के कल्याण का भी माध्यम बने! हम सफलता के शिखरों को छूएं लेकिन हमारी सफलता सबकी सेवा का भी जरिया बने। बता दें कि पीएम मोदी लगभग हर मुद्दे पर देश को संबोधित करते रहे हैं।