Breaking News

24 घंटे में कोरोना के 3277 नए केस, 128 की मौत

10 May, 2020 830

संवाददाता/in24 न्यूज़।
आज जहां कोरोना वायरस से दुनिया के अनेक देशो में लोगों की मौत हो रही है, वहीं भारत में भी इसका हमला बढ़ता ही जा रहा है.पिछले तीन दिनों से कोरोना से संक्रमित नए मरीजों की संख्या तीन हजार के पार रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 3277 नए मामले सामने आए हैं और 128 लोगों की मौत हुई है। इसके साथ ही देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 62,939 हो गई है, जिनमें 41,472 सक्रिय हैं, 19,358 लोग स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 2109 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं आज ओडिशा में 58, राजस्थान में 33 और बिहार में 18 नए मामले दर्ज किए गए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 779, गुजरात में 472, मध्य प्रदेश में 215, पश्चिम बंगाल में 171, राजस्थान में 106, दिल्ली में 73, उत्तर प्रदेश में 74, आंध्र प्रदेश में 44, तमिलनाडु में 44, तेलंगाना में 30, कर्नाटक में 30, पंजाब में 31, जम्मू-कश्मीर में 9, हरियाणा में 9, केरल में 4, झारखंड में 3, बिहार में 5, उत्तराखंड 1, असम में दो, हिमाचल प्रदेश में दो, ओडिशा में दो, चंडीगढ़ और मेघालय में एक मौत हुई है। कोरोना वायरस से अब तक सर्वाधिक 779 लोगों की मौत महाराष्ट्र में हुई। महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों में 1,165 नए कोरोना वायरस केस सामने आए, जिसके बाद राज्य में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 20228 हो गई है। इनमें से 3800 लोग पूरी तरह से स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें छुट्टी दे दी गई है। इस राज्य में अब तक सबसे अधिक 779 लोगों की जान जा चुकी है।  महाराष्ट्र के बाद गुजरात की स्थिति सबसे ज्यादा खराब दिखाई दे रही है। गुजरात के अहमदाबाद में कोरोना के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। पिछले 24 घंटों में अकेले अहमदाबाद में 280 नए मामले दर्ज किए गए और 20 लोगों की मौत हो गई। वहीं, दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने बताया है कि कोरोनावायरस बुलेटिन को हर दिन दोपहर 12 बजे रिलीज किए जाने की शुरूआत कर दी गई है। इसकी टाइमिंग को लेकर असमंजस था लेकिन अब से दिन में एक बार ही बुलेटिन रिलीज किया जाएगा।  दिल्ली सरकार ने शनिवार को सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे तबलीगी जमात के 2,446 सदस्यों को पृथक-वास केन्द्रों से छोड़ दें और यह भी सुनिश्चित करें कि वे अपने घरों के अलावा कहीं और नहीं ठहरें। दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) के विशेष सीईओ के एस मीणा ने उपायुक्तों (प्रशासन) को लिखे पत्र में कहा कि जिलाधिकारियों से यह भी कहा गया है कि वे दिल्ली स्थित मरकज के कार्यक्रम में शामिल हुए दूसरे राज्यों के जमात के प्रतिनिधियों को उनके निवास स्थान भेजने का भी इंतजाम करें। उन्होंने कहा कि मार्च में दिल्ली के निजामुद्दीन इलाके में हुए कार्यक्रम में शरीक हुए 567 विदेशियों को पुलिस के हवाले किया जाएगा।

अन्य खबरे