विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट से लिया संन्यास
क्रिकेटर कप्तान रोहित शर्मा के बाद विराट कोहली ने भी टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया है। कई दिनों से विराट के टेस्ट फॉर्मेट से संन्यास लेने की खबरें चल रही थीं क्यों की विराट ने बीसीसीआई को अपने रिटायरमेंट की सूचना दे दी थी। वहीं आज इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर विराट ने टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया है। विराट के ऐलान के साथ ही उनका 14 साल का टेस्ट करियर आज खत्म हो गया है। भारतीय क्रिकेट और विराट के फैंस भी उनके इस फैसले के बाद भावुक हो गए हैं। क्योंकि कोहली के संन्यास के साथ ही एक महान युग का अंत हो गया है। अपने रिटायरमेंट की जानकारी देते हुए किंग कोहली ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर लिखा कि टेस्ट क्रिकेट में पहली बार बैगी ब्लू जर्सी पहने हुए 14 साल हो चुके हैं।
ईमानदारी से कहूं तो मैंने कभी नहीं सोचा था कि ये फॉर्मेट मुझे किस सफर पर ले जाएगा। इसने मेरी परीक्षा ली, मुझे आकार दिया और मुझे ऐसे सबक सिखाए जिन्हें मैं जीवन भर साथ रखूंगा। कोहली ने अपने पोस्ट में लिखा कि सफ़ेद कपड़ों में खेलना एक बहुत ही निजी अनुभव है. शांत परिश्रम, लंबे दिन, छोटे-छोटे पल जिन्हें कोई नहीं देखता लेकिन जो हमेशा आपके साथ रहते हैं। जब मैं इस फॉर्मेट से दूर जा रहा हूं, तो यह आसान नहीं है लेकिन ये सही लगता है। मैंने इसमें अपना सबकुछ दिया है और इसने मुझे मेरी उम्मीद से कहीं ज़्यादा दिया है। कोहली ने कहा कि मैं खेल के लिए, मैदान पर खेलने वाले लोगों के लिए और हर उस व्यक्ति के लिए आभार से भरा दिल लेकर जा रहा हूं जिसने मुझे इस सफर में आगे बढ़ाया। मैं हमेशा अपने टेस्ट करियर को मुस्कुराते हुए देखूंगा यानी याद रखूंगा
बता दें कि कोहली ने अपने 14 साल के लंबे टेस्ट करियर के दौरान 123 टेस्ट मैच खेले हैं जिसमे उन्होंने 9 हजार 230 रन बनाये हैं। कोहली ने टेस्ट क्रिकेट में 30 शतक और 31 अर्ध शतक लगाए हैं।कोहली ने विश्व क्रिकेट में सचिन के बाद सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज भी हैं। कोहली ने वनडे में 51 और टेस्ट में 30 शतक लगाने में सफल रहे हैं। बॉर्डर गावस्कर सीरीज में कोहली का परफॉर्मेंस कोई खास नहीं रहा था जिसके कारण सीनियर खिलाड़ियों के रिटायरमेंट लेने की बात सामने आई थी। कुछ दिन पहले रोहित शर्मा ने भी टेस्ट से अलग होने का फैसला किया था। रोहित शर्मा के बाद अब विराट ने भी ऐलान कर दिया है जिसके चलते अब ये जोड़ी सफ़ेद कपड़ों एक साथ फिर कभी नजर नहीं आएगी।
आपको बता दें कि दोनों खिलाडियों ने साल 2024 में टी 20 विश्वकप जीतने के बाद सबसे छोटे फॉर्मेट को अलविदा कह दिया था। अब ये दोनों खिलाडी सिर्फ एक दिवसीय क्रिकेट खेलते नजर आएंगे। 36 साल के विराट कोहली आखिरी बार टेस्ट क्रिकेट में ऑस्ट्रेलियाई दौरे पर बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में खेलते हुए नजर आए थे। जहां भारत को 5 मैचों की सीरीज में 1-3 से हार का सामना करना पड़ा था।विराट कोहली ने सीरीज के पहले मैच यानी पर्थ टेस्ट में शतक जरूर जड़ा, लेकिन इसके बाद वो संघर्ष करते हुए दिखे थे। कोहली का ये संन्यास का फैसला ऐसे समय में आया है जब चयनकर्ता कुछ ही दिनों में इंग्लैंड में अगले महीने होने वाली 5 टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए टीम चुनने वाले थे। विराट कोहली का टेस्ट डेब्यू जून 2011 में वेस्टइंडीज के खिलाफ किंग्सटन में हुआ था। कोहली ने तब पहली पारी में 4 और दूसरी पारी में 15 रन बनाए थे। वहीं उनका आखिरी टेस्ट ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी में था, जो जनवरी 2025 में खेला गया था। इस आखिरी टेस्ट में कोहली ने पहली पारी में 17 तो दूसरी पारी में 6 रन बनाए थे।
बता दें कि विराट टेस्ट इतिहास में भारत के सबसे सफल कप्तान रहे हैं। उनकी कप्तानी में टीम इंडिया शानदार प्रदर्शन किया था और दुनिया की तमाम बड़ी टीमों को हराया था। विराट ने 68 टेस्ट मैचों में भारत की कप्तानी की जिसमें 40 में टीम को जीत हासिल हुई। कोहली ने जब कप्तानी संभाली थी, तब भारतीय टीम सातवें स्थान पर थी -- लेकिन खुद और साथी खिलाड़ियों की मेहनत की बदौलत कोहली ने वर्ल्ड नंबर-1 पॉजिशन पर पहुंचाया था। लेकिन विराट के यूं संन्यास लेने से आज हर क्रिकेट प्रेमी निराश है। क्यूंकी विराट जैसे खिलाड़ी बार बार नहीं मिलते। विराट कोहली ने भारतीय क्रिकेट में जो योगदान दिया है उसे सदैव याद रखा जाएगा