अजमेर शरीफ उर्स पर पीएम मोदी की तरफ से नकवी ने चढ़ाई चादर
संवाददाता/in24 न्यूज़.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चादर पेश करते हुए केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने अजमेर शरीफ में ख्वाजा मोईनुद्दीन चिश्ती की दरगाह पर ख्वाजा साहब के 808वें वार्षिक उर्स के अवसर पर कहा कि एकता और सौहार्द की ताकत ही पंथनिरपेक्ष-लोकतांत्रिक भारत की आत्मा है। नकवी ने अजमेर शरीफ में ख्वाजा मोईनुद्दीन चिश्ती की दरगाह पर प्रधानमंत्री जी की चादर पेश की और बड़ी संख्या में उपस्थित समाज के सभी तबकों के लोगों को उनके सन्देश को पढ़ कर सुनाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने अपने संदेश में कहा कि, "ख्वाजा मोईनुद्दीन चिश्ती के 808वे उर्स के अवसर पर विश्वभर में उनके अनुयायिओं को बधाई एवं शुभकामनाएं। दुनिया को मानवता का सन्देश देने वाले महान सूफी संत के वार्षिक उर्स पर दरगाह अजमेर शरीफ पर चादर भेजते हुए मैं उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं. भारत समृद्ध आध्यात्मिक परम्पराओं का देश है और हमारे देश के सूफी-संतों ने अपने आदर्शों और विचारों के माध्यम से राष्ट्र के सांस्कृतिक ताने-बाने को सदैव मजबूत करने का प्रयास किया है। शांति और एकता का उनका पैगाम हमें जीवन में अनुशासित, शालीन और संयमित रहने की सीख देता है।