अब पीएम मोदी भी उतरे दिल्ली के चुनाव प्रचार में
संवाददाता/in24 न्यूज़.
दिल्ली विधानसभा का चुनाव आठ फरवरी को होनेवाला है और 11 फरवरी को उसके परिणाम आनेवाले हैं. इस बार का चुनाव बेहद दिलचस्प हो गया है. मुख्य मुकाबला केजरीवाल की आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के बीच है. बीजेपी ने कई बड़े नेताओं को जहाँ दिल्ली चुनाव प्रचार में उतारा अब वहीँ पीएम नरेंद्र मोदी भी दिल्ली चुनाव में प्रचार करने वाले हैं. गौरतलब है कि दिल्ली विधानसभा चुनाव के आखिरी दौर में सभी पार्टियां अब जोर-शोर से प्रचार करने में जुट गई हैं. भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है. भाजपा के छोटे-बड़े नेता टीम केजरीवाल से टक्कर लेने में जुट गए हैं. पार्टी ने पूरी ताकत दिल्ली की सड़कों पर झोंक दी है. पूर्व अध्यक्ष अमित शाह, वर्तमान अध्यक्ष जेपी नड्डा तथा यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बाद अब खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुनाव प्रचार में उतर रहे हैं. इसी क्रम में आज पीएम मोदी दिल्ली के कड़कड़डूमा में एक रैली को संबोधित करेंगे. भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा शकूरबस्ती, मॉडल टाउन और चांदनी चौक में नुक्कड़ सभा करेंगे. वहीं गृह मंत्री अमित शाह कंझावाला, सदर बाजार और पहाड़गंज में रैलियों को संबोधित करेंगे. नितिन गडकरी किरारी, मंगोलपुरी और बदरपुर में जनसभा करेंगे. वहीं, स्मृति ईरानी त्रिनगर, करोल बाग और मादीपुर में जनसभा को संबोधित करेंगी. इसके अलावा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी सीमापुरी, मुस्तफाबाद करावल नगर और गोंडा में नुक्कड़ सभा करेंगे.