Breaking News

आप से ज़्यादा अगर बीजेपी ने जनता को नहीं दिया तो सन्यास लेंगे मनोज तिवारी

15 Jan, 2020 979

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी और आम आदमी पार्टी के बीच जमकर आरोप-प्रत्यरोप का दौर चल रहा है. ऐसे में दिल्ली के बीजेपी अध्यक्ष मनोज तिवारी ने एक ऐसा बयान दिया है जिससे उनका अति आत्मविश्वास झलक रहा है. गौरतलब है कि दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है. दूसरी तरफ भाजपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने आम आदमी पार्टी पर करारा हमला बोला है. मनोज तिवारी ने कहा कि अगले पांच साल में केजरीवाल सरकार से पांच गुना ज्यादा भारतीय जनता पार्टी दिल्ली की जनता को देगी. मनोज तिवारी ने इसके आगे कहा कि अगर भाजपा ऐसा नहीं कर पाई तो वह राजनीति से संन्यास ले लेंगे. उन्होंने कहा कि आप पार्टी ने पिछले पांच साल में जो करने का दावा किया है कि इतने स्कूल बनाए, इतने कॉलेज बनाए, लोगों को नौकरी दी, सब्सिडी दिया, बीजेपी अगले पांच साल में उसका मिनिमम पांच गुना दिल्ली की जनता को देगी. मनोज तिवारी ने आगे कहा कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो वह शपथ लेते हैं कि राजनीति से संन्यास ले लेंगे. उन्होंने बताया कि दिल्ली के विकास के लिए उनके पास विजन है. बीजेपी हर घर में शुद्ध जल नल से देंगी. वायु प्रदूषण को बीजेपी 70 प्रतिशत कम करेगी. पांच हजार नई इलेक्ट्रिक बसें लाएंगे. उन्होंने आगे कहा कि दिल्ली में हमें बंद होते अस्पतालों को रोकना है और खंडहर होती डिस्पेंसरी को बचाना है. यमुना नदी पर रिवर फ्रंट बनाना है. झुग्गियों की जगह मकान योजना के तहत गरीबों को दो-दो कमरे का घर देंगे. गैस, पानी का कनेक्शन और शौचालय की बेहतर सुविधा देंगे, जिससे गरीब भी श्रेष्ठ जिंदगी जी सकें और कोई ठंड में ठिठुरकर न मरे.

अन्य खबरे