आज़ाद को मिली कश्मीर जाने की आज़ादी रैली की नहीं
संवाददाता/in24 न्यूज़.
अंततः गुलाम नबी आज़ाद को जम्मू-कश्मीर जाने की इजाज़त तो मिल गई मगर रैली करने की अनुमति उन्हें नहीं दी गई है. सुप्रीम कोर्ट में सोमवार को जम्मू-कश्मीर से जुड़ी 8 याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री गुलाम नबी आज़ाद को जम्मू-कश्मीर जाने की इजाजत दे दी है. सुप्रीम कोर्ट ने आजाद को राज्य के 4 जिलों का दौरा करने की छूट दी है. सुप्रीम कोर्ट ने साथ ही यह भी कहा कि इस दौरान गुलाम नबी आजाद किसी राजनीतिक कार्यक्रम में हिस्सा नहीं ले पाएंगे और न ही कोई राजनीतिक रैली कर पाएंगे. सुप्रीम कोर्ट ने गुलाम नबी आज़ाद को श्रीनगर, बारामुला, अनंतनाग और जम्मू का दौरा करने की अनुमति दे दी है. गुलाम नबी आजाद की ओर से कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने दलीलें रखीं. सुप्रीम कोर्ट ने यह भी निर्देश दिया कि गुलाम नबी आजाद वहां का दौरान कर एक रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट को देंगे. इस बारे में केंद्र को नोटिस भी दिया गया है. सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद अब गुलाम नबी आजाद बारामूला, अनंतनाग, श्रीनगर और जम्मू जिलों का दौरा कर सकते हैं. गुलाम नबी आजाद ने कोर्ट को भरोसा दिलाया है कि इस दौरान वे कोई रैली नहीं करेंगे.