Breaking News

इंडिया की मुंबई बैठक में न्यूनतम साझा कार्यक्रम और सीटों के बंटवारे पर होगा मंथन - सूत्र

29 Aug, 2023 1132
संवाददाता/in24 न्यूज़

विपक्षी गठबंधन इंडिया की मुंबई में होने वाली बैठक में न्यूनतम साझा कार्यक्रम और सीटों के बंटवारे पर मंथन होगा। इंडिया के संयोजक के रूप में नीतीश कुमार के नाम की घोषणा भी की जा सकती है। इंडिया की तीसरी बैठक मुंबई में 31 अगस्त और 1 सितंबर को होगी। पिछले माह बेंगलुरु में दूसरी बैठक में 26 दलों ने हिस्सा लिया था। इस बार इनकी संख्या बढ़ने की उम्मीद है। उत्तर प्रदेश से सपा और उसके सहयोगी दलों के प्रमुख नेता बैठक में शामिल होंगे। इंडिया से जुड़े राजनीतिक सूत्रों के मुताबिक इस बैठक में सीटों के बंटवारे का फॉर्मूला तय होगा। कोशिश होगी जो दल जिस राज्य में मजबूत हैं, वो अपने मजबूती वाले राज्य में इंडिया के घटक दलों के लिए सीटें छोड़ें। एवज में उसे दूसरे राज्यों में कुछ सीटें दी जाएं। इससे जहां क्षेत्रीय शक्तियों का दायरा बढ़ेगा, वहीं अन्य घटक दलों को भी उनसे संबंधित राज्यों में अवसर मिलेगा। शुरुआती दो बैठकों में विपक्षी दल एक साथ बैठे मगर न्यूनतम साझा कार्यक्रम पर गंभीरता से विचार-विमर्श नहीं हुआ। ऐसा इंडिया से जुड़े नेता भी मानते हैं। इसलिए मुंबई बैठक में न्यूनतम साझा कार्यक्रम पर भी चर्चा होगी। माना जा रहा है कि राष्ट्रीय स्तर पर जो न्यूनतम साझा कार्यक्रम तय होगा, उसे सभी मानेंगे। इसके अलावा क्षेत्रीय परिस्थितियों के हिसाब से घटक दलों को अलग से भी अपना घोषणा पत्र जारी करने की स्वतंत्रता होगी। इसमें यह ध्यान रखा जाएगा कि उनके घोषणापत्र की कोई भी बात न्यूनतम साझा कार्यक्रम के विपरीत न हो।

अन्य खबरे