ओवैसी के नेतृत्व में तिरंगा रैली
संवाददाता/in24 न्यूज़.
पूरे देश में लोग अपने-अपने तरीके से सरकार की नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं. अब खबर है कि हैदराबाद में आज ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी के नेतृत्व में एक विशाल तिरंगा रैली (पदयात्रा) निकाला जाएगा। ओवैसी की पदयात्रा मीर आलम ईदगाह से शास्त्रीपुरम तक जाएगी। इस पदयात्रा को लेकर ओवैसी ने ऐलान किया है कि वह चारमीनार पर तिरंगा भी लहराएंगे। इसके लिए उन्होंने 10x30 फुट लंबा तिरंगा बनाने का ऑर्डर दिया है। यह पदयात्रा लगभग 4 किलोमीटर तक चलेगी। हैदराबाद में यूनाइटेड मुस्लिम एक्शन कमिटी के बैनर तले सीएए, एनआरसी, एनपीआर के विराध में तिरंगा पदयात्रा का आयोजन किया जा रहा है। पदयात्रा का नेतृत्व असदुद्दीन ओवैसी करेंगे। जुम्मे की नमाज के बाद ईदगाह मीर आलम से शास्त्रीपुरम ग्राउंड तक ये पदयात्रा निकाली जाएगी। पदयात्रा खत्म होने के बाद एआईएमआईएम के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी अपनी तकरीर देंगे। बताया जा रहा है कि हैदराबाद में नागरिकता कानून के खिलाफ होने वाले पदयात्रा में शामिल होने के लिए भारी संख्या में तिरंगा झंडे बिके हैं। सभी प्रदर्शनों में भारत के झंडे का इस्तेमाल किया जा रहा है।