Breaking News

किसान आंदोलन के जरिए राहुल ने सरकार पर बोला हमला

04 Jan, 2021 895

संवाददाता/in24 न्यूज़.
किसान लगातार अपनी मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ आंदोलन करने में लगे हुए हैं. आज उनके आंदोलन का 40वां दिन है. इस बीच कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने भी सरकार की लगातार आलोचना की. इसी कड़ी में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने किसानों की अनदेखी को लेकर एक बार फिर केंद्र की मोदी सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि भीषण ठंड और बारिश के बीच सड़कों पर प्रदर्शन करने को मजबूर किसानों की सरकार को कोई परवाह नहीं है। उन्होंने कहा कि बीते 40 दिनों में किसानों ने जो भी सहा है, वो सरकार की क्रूरता दर्शाने के लिए काफी है, इसके बाद अब कुछ और देखना शेष नहीं। वायनाड से कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने किसान आंदोलन के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए उन पर किसानों की परवाह नहीं करने का आरोप लगाया है। राहुल ने ट्विटर पर कविता पोस्ट कर कहा कि सर्दी की भीषण बारिश में, टेंट की टपकती छत के नीचे, जो बैठे हैं सिकुड़-ठिठुर कर, वो निडर किसान अपने ही हैं, ग़ैर नहीं, सरकार की क्रूरता के दृश्यों में, अब कुछ और देखने को शेष नहीं। अपने इस ट्वीट के साथ राहुल गांधी ने बीते दिन हुई बारिश के बाद दिल्ली बॉर्डर पर प्रदर्शन कर रहे किसानों के हालातों को बताते फोटोज भी शेयर किए हैं। फोटोज में साफ दिख रहा है कि लोग टेंट में दुबके हुए हैं और जिनके पास टेंट नहीं है वो बारिश से बचने के लिए ट्रैक्टर ट्रॉली के नीचे छुप रहे हैं। गौरतलब है कि केंद्र के कृषि कानूनों के खिलाफ 40 दिन से किसानों का आंदोलन चल रहा है। हालांकि आज किसानों और सरकार के बीच नए दौर की बातचीत होनी है, जिसमें नए कृषि कानूनों को वापस लेने तथा न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) को कानूनी स्वरूप देने के मुद्दे पर चर्चा होनी है। इससे पहले, बुधवार को हुई बैठक में पराली और बिजली संशोधन बिल पर किसानों और सरकार के सहमति बन गई थी। देखना है कि आज की बातचीत का नतीजा क्या निकलता है.    

अन्य खबरे