खट्टर सरकार ने लगाई इंटरनेट पर रोक
संवाददाता/in24 न्यूज़.
आज के दौर में इंटरनेट है तो बहुत कुछ है, मगर हरियाणा में फिलहाल इंटरनेट पाए रोक लगा दी गई है. देश की राजधानी दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से नए कृषि कानूनों को लेकर किसान प्रदर्शन कर रहे हैं. 26 जनवरी के दिन ट्रैक्टर रैली के बाद से यह प्रदर्शन हिंसक हो गया है. इसे देखते हुए हरियाणा की खट्टर सरकार ने एहतियात बरतते हुए प्रदेश के 15 जिलों में इंटरनेट सेवाओं पर रोक लगा दी है. हरियाणा सरकार ने तत्काल प्रभाव से इंटरनेट पर रोक लगाई है. जिन जिलों में यह रोक लगाई गई है, उनमें कुरुक्षेत्र, करनाल, अंबाला, यमुनानगर, कैथल, हिसार, पानीपत, जींद, चरखी दादरी, फतेहाबाद, रोहतक, भिवानी, रेवाड़ी और सिरसा शामिल हैं. वॉयस कॉल को छोड़कर इन जिलों में इंटरनेट की सभी सेवाएं 30 जनवरी तक शाम 5 बजे तक रोक लगाने का निर्णय लिया गया है. बता दें कि खट्टर सरकार ने सोनीपत, पलवल तथा झज्जर जिलों में पहले ही इंटरनेट सेवाओं पर रोक लगाई हुई है. गणतंत्र दिवस पर भड़की हिंसा के बाद हरियाणा सरकार ने एक्शन लेते हुए इन जिलों में इंटरनेट सेवा पर रोक लगाई थी. इसके अलावा दिल्ली के साथ लगते हरियाणा के जिलों में मोबाइल सर्विस को भी बंद कर दिया गया था. इसका मतलब यह है कि इन इलाकों के लोग अपने फोन पर बात भी नहीं कर सकते हैं. केंद्रीय गृह सचिव ने आदेश जारी किया था कि हरियाणा के सोनीपत, झज्जर और पलवल में इंटरनेट और एसएमएस सर्विस बंद रहेगी. इस दौरान केवल वॉइस कॉल पर ही बात हो सकेगी. जारी आदेश में कहा गया है कि सोशल मीडिया के जरिए लोगों द्वारा फेक न्यूज फैलाया जा सकता है, इससे राज्य की कानून व्यवस्था बिगड़ सकती है. बता दें कि खटटर सरकार के इस फैसले का विरोध शुरू है.