Breaking News

झारखंड में बीजेपी को जबरदस्त झटका

23 Dec, 2019 938

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
झारखंड में चुनाव नतीजों से साफ़ हो गया है कि निर्वाचन आयोग से जारी झारखंड विधानसभा चुनाव परिणाम के रुझानों के अनुसार, कांग्रेस, झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) व राष्ट्रीय जनता दल (राजद) गठबंधन की सरकार बनती नजर आ रही है। गठबंधन को 15 से ज्यादा सीटों का फायदा हुआ है। जेएमएम झारखंड की सबसे पार्टी बनकर उभर रही है और पार्टी को अकेले ही 28 सीटें मिलती दिखाई दे रही हैं। पांच सालों तक सत्ता में रही बीजेपी 26 सीटों के साथ दूसरे नंबर पर आ रही है। जेएमएम-कांग्रेस और आरजेडी गठबंधन को 44 सीटों पर बढ़त है और सूबे में गठबंधन की सरकार बनना लगभग तय माना जा रहा है। मुख्यमंत्री रघुवर दास जमशेदपुर पूर्वी सीट पर बागी नेता सरयू राय से पीछे चल रहे हैं। गठबंधन के चुनाव में जीत पर सोरेन को मुख्यमंत्री बनाए जाने की बात है। कांग्रेस मुख्यालय पर जीत को लेकर समारोह शुरू हो गए हैं, कार्यकर्ता मिठाइयां बांट रहे हैं। सोरेन दुमका में 500 से कम वोटों से पीछे चल रहे हैं, मगर बेरहट सीट पर 9,948 वोटों से आगे चल रहे हैं। आजसू अध्यक्ष सुदेश महतो, सिल्ली विधानसभा सीट पर 15,000 वोटों से आगे चल रहे हैं। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने इससे पहले, सोमवार को कहा था कि भाजपा राज्य में सत्ता में आएगी और कहा था कि रुझानों पर प्रतिक्रिया देनी जल्दबाजी होगी। भाजपा के हार की तरफ अग्रसर होने पर कांग्रेस ने कहा कि झारखंड में लोगों ने सीएए व अनुच्छेद 370 को खारिज कर दिया है।कांग्रेस सचिव प्रणव झा ने कहा, "लोगों ने भाजपा के राष्ट्रीय मुद्दों अनुच्छेद 370, नागरिकता संशोधन अधिनियम और राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर के मुद्दे को खारिज किया है और स्थानीय मुद्दों पर वोट दिया है।" भाजपा को कोई मौका नहीं देने के उद्देश्य से और अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए कांग्रेस ने जेवीएम के पूर्व सहयोगी बाबूलाल मरांडी से बातचीत की। जेवीएम तीन सीटों पर आगे चल रही है। मरांडी, धनवर में 18, 645 वोटों से आगे चल रहे हैं। झारखंड विकास मोर्चा (प्रजातांत्रिक) के प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री मरांडी, भाकपा माले के उम्मीदवार राज कुमार यादव पर बढ़त बनाए हुए हैं। सूत्रों ने आईएएनएस से कहा कि जेवीएम ने कांग्रेस नेताओं को अब तक कोई भरोसा नहीं दिया है, लेकिन कहा कि पार्टी अंतिम परिणामों के आने के बाद वार्ता करेगी। झारखंड की प्रमुख सीटों में रघुबर दास को अपने पूर्व सहयोगी व स्वतंत्र उम्मीदवार सरयू रॉय से जमशेदपूर्व पूर्वी से कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है। झारखंड में झामुमो नीत गठबंधन के बढ़त की ओर लगातार बढ़ने के बाद कांग्रेस ने सोमवार को उम्मीद जताई कि राज्य में इस गठबंधन को पूर्ण बहुमत मिलेगा और हेमंत सोरेन के नेतृत्व में अगली सरकार बनेगी। कांग्रेस के झारखंड प्रभारी आरपीएन सिंह ने कहा, ‘‘हमने लोगों के जीवन को छूने वाले मुद्दे उठाते हुए चुनाव लड़ा। हमें विश्वास है कि हम सरकार बनाएंगे।'' झारखंड विधानसभा चुनावों में सबसे बड़ा उलटफेर करते हुए नौ चरणों की गणना के बाद भाजपा के विद्रोही उम्मीदवार सरयू राय ने जमशेदपुर (पूर्व) सीट पर मुख्यमंत्री रघुवर दास को लगभग पांच हजार मतों से पीछे छोड़ दिया है। झारखंड के पूर्व मंत्री सरयू राय ने जमशेदपुर (पूर्व) सीट से टिकट न मिलने पर रघुबर दास मंत्रिमंडल और फिर भाजपा से इस्तीफा दे दिया था। राय ने 2014 में हुए विधानसभा चुनाव में जमशेदपुर (पूर्व) सीट जीती थी।

अन्य खबरे