तेजस्वी को लाओ 5100 ईनाम पाओ!
संवाददाता/in24 न्यूज़.
राजनीति में अगर नेता अपने मतदाताओं के बीच नहीं हो तब उसके विरोधियों को अच्छा-ख़ासा मौका मिल जाता है. मुजफ्फरपुर में जिस तरह से चमकी बीमारी से मासूम बच्चों की जान जा रही है, वहीं पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के वर्ल्ड कप मैच देखने जाने की बात पर उनकी लगातार आलोचना हो रही है. अब उनको तलाशकर लाने वाले को 5100 रुपए ईनाम देने संबंधी खबर सामने आई है. गौरतलब है कि बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और लालू प्रसाद यादव के बेटे तेजस्वी यादव लापता हैं. इसकी गवाही मुजफ्फरपुर में लगे पोस्टर दे रहे हैं. मुजफ्फरपुर जिले में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के लापता होने के कई पोस्टर लगे हैं. पोस्टर में लिखा है कि जो भी तेजस्वी यादव को ढूंढ़ कर लाएगा उसे 5100 रुपये का इनाम दिया जाएगा. शहर में लगे इस पोस्टर में लिखा है कि तेजस्वी यादव लोकसभा चुनाव के नतीजों के बाद से ही लापता हैं. ये पोस्टर तमन्ना हाशमी नामक नेता ने लगवाए हैं. तमन्ना हाशमी ने खुद को सामाजिक कार्यकर्ता बताया है.पोस्टर में तमन्ना हाशमी ने लिखवाया है, "लापता-लापता-लापता-लापता.. नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी को ढूंढ़कर लाने वाले को 5100 रुपये का नकद इनाम.. नोट- 2019 के लोकसभा चुनाव के परिणाम के बाद से लापता हैं."