Breaking News

दिल्ली के बीजेपी अध्यक्ष का बदल सकता है चेहरा

12 Feb, 2020 999

संवाददाता/in24 न्यूज़.  

आम आदमी पार्टी को मन मुताबिक़ टक्कर नहीं दे पाने की वजह से दिल्ली के बीजेपी अध्यक्ष मनोज तिवारी की जल्द ही विदाई हो सकती है. दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजों ने आम आदमी पार्टी का उत्साह सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है तो दूसरी तरफ भाजपा और कांग्रेस को सोचने पर मजबूर कर दिया है। इसके साथ ही कई नेताओं के राजनीतिक भविष्य पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं, जिनमें दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी भी शामिल हैं। चुनाव में कांग्रेस की करारी शिकस्त के बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा ने हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए मंगलवार को पद से इस्तीफा दे दिया है। खबर है कि बुधवार को समीक्षा बैठक के बाद मनोज तिवारी भी नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपना पद छोड़ सकते हैं। पार्टी के खराब प्रदर्शन की पूरी जिम्मेदारी लेते हुए मनोज तिवारी ने मंगलवार को कहा कि भविष्य में पार्टी में उनकी भूमिका पार्टी का आतंरिक मामला है। पिछले साल लोकसभा चुनाव और 2017 के निकाय चुनाव में दिल्ली भाजपा का नेतृत्व कर जीत दिलाने वाले तिवारी अग्निपरीक्षा में सफल नहीं हो पाए और उनकी पार्टी को दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के हाथों करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा है। यह पूछे जाने पर कि क्या वह भाजपा को मिली हार के बाद इस्तीफा देंगे, तिवारी ने कहा, “यह पार्टी का अंदरूनी मामला है। अगर ऐसा कुछ होता है तो मैं आपको इसकी सूचना दूंगा।” विधानसभा चुनाव में जिन आठ सीटों पर भाजपा को जीत हासिल हुई है उनमें से तीन तिवारी की लोकसभा सीट उत्तर पूर्वी दिल्ली के अंतर्गत आती हैं। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष का कार्यकाल तीन साल का होता है और मनोज तिवारी अध्यक्ष पद पर यह अवधि पूरी कर चुके हैं और उनका कार्यकाल विस्तारित कर दिया गया था। पार्टी सूत्रों का कहना है कि मनोज तिवारी की जगह किसी नए चेहरे को मौका दिया जा सकता है और उन्हें केंद्र सरकार या पार्टी में कोई अन्य जिम्मेदारी दी जा सकती है।

अन्य खबरे