Breaking News

परिवार की नहीं बल्कि आम आदमी की पार्टी है भाजपा : गडकरी

06 Feb, 2019 1218

संवाददाता/in24 न्यूज़।

कांग्रेस पार्टी पर हमला बोलते हुए केंद्रीय मंत्री नीतिन गडकरी ने हैदराबाद में मंगलवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी कोई मां बेटा और पिता पुत्र जैसी पारिवारिक पार्टी नहीं बल्कि यह आम लोगों की पार्टी है जहां उनके जैसा छोटा कार्यकर्ता पार्टी अध्यक्ष और एक चाय विक्रेता देश का प्रधानमंत्री बन सकता है। गडकरी ने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार ने अनुसूचित जाति, अनुसूचित जन जाति और अत्यंत पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षण को कम किये बगैर आर्थिक रूप से सामान्य वर्ग के लोगों के लिए नौकरियों में और शैक्षिक संस्थाओं में दस फीसदी का आरक्षण देने का ऐतिहासिक निर्णय किया है। केंद्र सरकार और केंद्रीय मंत्री का धन्यवाद करने के लिए यहां विभिन्न संगठनों द्वारा आयोजित समारोह में गडकरी बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी भाजपा मां-बेटे और पिता पुत्र की पार्टी की तरह पारिवारिक दल नहीं है। मैं पार्टी का एक साधारण कार्यकर्ता था और पोस्टर चिपकाता था। गडकरी के अनुसार न तो मेरी मां विधायक थी और न ही मेरे पिताजी सांसद थे। इसके आलावा उन्होंने यह भी कहा कि किसी पद की आकांक्षा में वह कभी दिल्ली भी नहीं गए।

अन्य खबरे