पांच मुख्यमंत्रियों समेत 80 से ज्यादा नेता होंगे इंडिया की तीसरी बैठक में शामिल
आर्थिक राजधानी मुंबई में विपक्षी दलों के गठबंधन इंडिया की होने वाली तीसरी बैठक में पांच राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ 26 राजनीतिक दलों के 80 से ज्यादा नेताओं के शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है. इंडिया गठबंधन की यह बैठक 31 अगस्त और 1 सितंबर को होगी. वहीं मुंबई के ग्रैंड हयात होटल में होने वाली इस बैठक को अंतिम रूप देने के लिए शिवसेना उद्धव बालासाहेब ठाकरे के प्रमुख उद्धव ठाकरे और एनसीपी सुप्रीमो शरद पवार सहित महा विकास अघाड़ी के वरिष्ठ नेता और कुछ कांग्रेस नेता बुधवार को ग्रैंड हयात होटल में मिलेंगे। सूत्रों के अनुसार इंडिया की मुंबई बैठक के दौरान विपक्षी इंडिया के 'लोगो' Symbol का अनावरण होने की संभावना है. एमवीए नेताओं ने कहा कि बैठक के एजेंडे को दिल्ली में अंतिम रूप दिया जाएगा. वहीं न्यूनतम साझा कार्यक्रम का मसौदा तैयार करने और इंडिया गठबंधन के लिए संयोजक नियुक्त करने पर भी चर्चा होने की संभावना है. पांच राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ - साथ कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी सहित इंडिया के अधिकांश नेताओं के 31 अगस्त को शाम 6 बजे से पहले मुंबई पहुंचने की उम्मीद है.