प्रदीप शर्मा बने शिवसेना के उम्मीदवार
संवाददाता/in24 न्यूज़.
पूर्व एनकाउंटर स्पेशलिस्ट को शिवसेना ने विधिवत अपना उम्मीदवार बनाने की घोषणा कर दी है. एबी फॉर्म देकर शिवसेनाप्रमुख उद्धव ठाकरे ने इसपर अपनी मुहर भी लगा दी है. गौरतलब है कि प्रदीप शर्मा वसई विरार से अपने भाग्य का फैसला कराने के लिए चुनावी मैदान में उतरेंगे. पूर्व एनकाउंटर स्पेशलिस्ट प्रदीप शर्मा ने महाराष्ट्र पुलिस सेवा से इस्तीफा दे दिया है. 100 से ज्यादा एनकाउंटर कर चुके प्रदीप शर्मा फिलहाल ठाणे क्राइम ब्रांच में तैनात थे. उन्होंने अपने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को अपना इस्तीफा सौंप दिया है. प्रदीप शर्मा को कुछ वर्षों के निलंबन के बाद हाल ही में दोबारा से बहाल किया गया था. उनको कथित गैंगस्टर लखन भैय्या के फेक एनकाउंटर में शामिल होने के आरोप में निलंबित किया गया था. इस मामले में प्रदीप शर्मा और 13 अन्य पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया गया था. इसके बाद उनको 2008 में निलंबित कर दिया गया था. हालांकि जब कोर्ट ने उनको मामले में बरी कर दिया, तो साल 2013 में उनको दोबारा से बहाल कर दिया गया था. प्रदीप शर्मा को शिवसेना द्वारा टिकट मिलने के बाद वसई-विरार में यह उम्मीद की जा रही है कि विधान सभा का यह चुनाव बेहद दिलचस्प होनेवाला है.