बजट से पहले राहुल ने बोला सरकार पर हमला
संवाददाता/in24 न्यूज़.
देश के हालत चाहे जैसे भी हों, हर बार कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी सरकार पर हमला बोलते रहे हैं, उन्होंने देश की बिगड़ती अर्थव्यवस्था को लेकर एक बार फिर मोदी सरकार पर निशाना साधा है. राहुल गांधी ने बजट सत्र से पहले केंद्र की मोदी सरकार पर यह बड़ा हमला बोला है. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने ट्विटर पर एक ट्वीट के माध्यम से मोदी सरकार पर हमला किया. राहुल गांधी ने लिखा कि दुनिया की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था में से एक को कैसे बर्बाद करें, यह मोदी सरकार से सीखें. राहुल गांधी ने लिखा कि मोदी सरकार सबके सामने एक सबक की तरह है कि दुनिया की तेजी से बढ़ रही अर्थव्यवस्था को कैसे बर्बाद किया जाए. गौरतलब है कि आगामी एक फरवरी को मोदी सरकार बजट पेश करने जा रही है. राहुल गांधी ने इसके अलावा एक अन्य ट्वीट में केंद्र सरकार से आग्रह किया कि तीनों नए कृषि कानूनों को वापस लिया जाए. राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के एक कथन का हवाला देते हुए राहुल गांधी ने ट्वीट किया कि आप विनम्र तरीक़े से दुनिया हिला सकते हैं -महात्मा गांधी. मोदी सरकार से एक बार फिर से अपील है कि तुरंत कृषि-विरोधी क़ानून वापस लिए जाएं. गौरतलब है कि गणतंत्र दिवस के मौके पर किसानों ने ट्रैक्टर रैली निकाली थी. ट्रैक्टर परेड के दौरान दिल्ली में कई स्थानों पर पुलिस और किसानों के बीच झड़प की घटनाएं सामने आई थीं. जहां एक तरफ दिल्ली पुलिस ने किसानों पर आंसू गैस के गोले छोड़े तथा लाठीचार्ज किया था. वहीं कई स्थानों पर प्रदर्शनकारी किसानों ने अवरोधक तोड़ दिए थे. किसानों का एक समूह ट्रैक्टर परेड के लिए निर्धारित मार्ग से हटकर दिल्ली के लालकिले में घुस गया था. इसके बाद इस ऐतिहासिक स्मारक के एक गुंबद तथा स्वतंत्रता दिवस के मौके पर जिस पोल में प्रधानमंत्री झंडा फहराते हैं, वहां पर अपना झंडा लगा दिया था. किसान संगठनों की ओर से निकाली गई रैली के दौरान झड़प में 300 पुलिसकर्मी घायल हुए थे. बता दें कि दिल्ली पुलिस कोशिश कर रही है कि सिंधु बॉर्डर से किसान अपने आंदोलन को खत्म करने की दिशा में बढ़ें.