बीजेपी ने संकल्प पत्र किया जारी
संवाददाता/in24 न्यूज़.
चुनाव से तीन दिन पहले लोकसभा चुनाव 2019 के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपना संकल्प पत्र जारी कर दिया है. 48 पन्नों के इस संकल्प पत्र को 'संकल्पित भारत, सशक्त भारत' का टाइटल दिया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पार्टी अध्यक्ष अमित शाह, संकल्प पत्र के अध्यक्ष राजनाथ सिंह, अरुण जेटली, सुषमा स्वराज की अगुवाई में बीजेपी का संकल्प पत्र जारी हुआ. बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने बताया कि हमने 6 करोड़ लोगों के साथ चर्चा कर इस संकल्प पत्र को तैयार किया है. हम 75 बड़े संकल्पों के साथ चुनाव में जा रहे हैं. घोषणा पत्र समिति के अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने संकल्प पत्र के माध्यम से कहा कि हम देश की जनता की आकांक्षाओं को विजन डॉक्यूमेंट के रूप में पेश कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि संकल्प पत्र के माध्यम से नए भारत के निर्माण की दिशा में कदम उठाए जाएंगे. राजनाथ सिंह ने कहा कि देश में घुसपैठ रोकने के लिए जो भी करना होगा वह हम करेंगे. राजनाथ सिंह ने कहा कि हमारी सरकार देश की सुरक्षा के साथ किसी भी सूरत में समझौता नहीं करेगी. उन्होंने राम मंदिर का मुद्दा एक बार फिर उठाया. उन्होंने कहा कि राम मंदिर को लेकर हम अपना पुराना संकल्प दोहराते हैं. जल्द ही सौहार्दपूर्ण माहौल में राम मंदिर का निर्माण हो. उन्होंने कहा कि एक लाख के कर्ज पर 5 सालों तक ब्याज जीरो होगा. 25 लाख करोड़ रुपये गांवों के विकास के लिए खर्च किया जाएगा. वहीं किसान क्रेडिट कार्ड पर 5 साल तक ब्याज देय नहीं होगा. सीमांत किसानों को 60 साल के बाद पेंशन मिलेंगे.