बीजेपी से टिकट कटने पर झारखंड में रामटहल चौधरी ने थामा कांग्रेस का हाथ
संवाददाता/in24 न्यूज़.
झारखंड में भारतीय जनता पार्टी को लोकसभा चुनाव 2024 से पहले झारखंड में पांच बार सांसद रह चुके पार्टी के एक वरिष्ठ नेता रामटहल चौधरी ने बड़ा झटका दिया है। बीजेपी से नाता तोड़कर वे कांग्रेस में गुरुवार को शामिल हो गए हैं। गौरतलब है कि बीजेपी के टिकट से रामटहल चौधरी रांची लोकसभा सीट से पांच बार चुनाव जीत चुके हैं। साल 2019 के चुनाव में भाजपा ने उनका टिकट काटकर संजय सेठ को उम्मीदवार बनाया था। इसके बाद वह भाजपा से अलग हो गए थे। गुरुवार को वह कांग्रेस में शामिल हो गए। कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा, झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश ठाकुर, प्रदेश प्रभारी गुलाम अहमद मीर और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय ने रामटहल चौधरी का कांग्रेस में स्वागत किया। सूत्रों का कहना है कि रामटहल को कांग्रेस रांची से लोकसभा उम्मीदवार घोषित कर सकती है। कांग्रेस में शामिल होने के बाद रामटहल चौधरी ने कहा कि मैं कांग्रेस की नीतियों से प्रभावित होकर कांग्रेस पार्टी में शामिल हो रहा हूं। भाजपा पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि बगैर सोचे-समझे चुनाव से दो महीना पहले मुझसे कहा गया कि आप लिखकर दो कि हम चुनाव नहीं लड़ेंगे। हमने कहा कि यह तो तानाशाही है। बता दें बीजेपी के लिए रामटहल चौधरी का कांग्रेस में जाना बड़ा झटका है।