Breaking News

महाराष्ट्र की चुनावी तारीख़ तय

21 Sep, 2019 1079
संवाददाता/in24 न्यूज़.   

महाराष्ट्र में चुनाव की तारीख फाइनल हो गई है. गौरतलब है कि मुख्‍य चुनाव आयुक्‍त सुनील अरोड़ा ने शनिवार को महाराष्‍ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए तारीखों का ऐलान कर दिया है. महाराष्‍ट्र और हरियाणा दोनों ही राज्‍यों में एक साथ 21 अक्‍तूबर को चुनाव होंगे. 24 अक्‍तूबर को मतों की गिनती की जाएगी. 27 सितंबर को नोटिफिकेशन जारी होगा तो 4 अक्टूबर को नामांकन की आखिरी तारीख होगी. मुख्‍य चुनाव आयुक्‍त सुनील अरोड़ा ने बताया, महाराष्‍ट में 288 सीटों के लिए चुनाव होंगे तो हरियाणा में 90 सीटों के लिए. महाराष्‍ट्र में इस बार 8.9 करोड़ वोटर हैं, वहीं हरियाणा में एक करोड़ 24 लाख वोटर हैं. महाराष्‍ट्र में 1.8 लाख ईवीएम का इस्‍तेमाल होगा. हरियाणा में 2 नवंबर और महाराष्‍ट्र में 9 नवंबर को वर्तमान विधानसभा का कार्यकाल खत्‍म हो रहा है. चुनाव की घोषणा के साथ ही आज शनिवार से ही दोनों राज्‍यों में आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू हो गई है. अब इन राज्‍यों में नई योजनाओं की घोषणा नहीं हो सकेंगी. मुख्‍य चुनाव आयुक्‍त सुनील अरोड़ा ने कहा कि चुनावी खर्चे पर निगरानी रखी जाएगी. उम्‍मीदवारों को 30 दिन में खर्च का हिसाब देना होगा. उम्‍मीदवार 28 लाख रुपये से अधिक खर्च नहीं कर सकते. चुनाव खर्च पर व्‍यय पर्यवेक्षक निगरानी रखेंगे. क्रिमिनल रिकॉर्ड की भी जानकारी देनी होगी. चुनाव आयोग ने ईको फ्रेंडली चुनाव का आह्वान करते हुए प्‍लास्‍टिक का इस्‍तेमाल न करने की अपील की है. सुनील अरोड़ा ने कहा, महाराष्ट्र के गढ़चिरौली और गोंदिया में एलडब्ल्यूई प्रभावित क्षेत्रों के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी.  2014 में दोनों राज्यों में बीजेपी जीतकर आई थी. महाराष्ट्र की 288 विधानसभा सीटों में से बीजेपी के खाते में 122 सीटें आई थीं और देवेंद्र फडणवीस मुख्यमंत्री बने थे. जबकि हरियाणा में 90 सीटों में से बीजेपी को 47 सीटें मिली थीं. यहां मनोहर लाल खट्टर मुख्यमंत्री बने थे. झारखंड में बीजेपी ने 77 सीटों में से 35 सीटों पर कब्जा जमाया था और रघुबर दास राज्य के मुख्यमंत्री बने थे.    

अन्य खबरे