महाराष्ट्र में कोरोना के मामले अभी और बढ़ेंगे : उद्धव ठाकरे
संवाददाता/in24 न्यूज़.
लॉकडाउन के चौथे चरण में भी महाराष्ट्र में कोरोना वायरस का संकट बरकरार है. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा है कि संक्रमण के मामले अभी और बढ़ेंगे. मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने रविवार को कहा कि हम कह नहीं सकते कि लॉकडाउन 31 मई के बाद नहीं बढ़ेगा। हमें इसके साथ आगे बढ़ना होगा। आने वाला वक्त बेहद मुश्किल होगा। संक्रमण के केस बढ़ेंगे। मैं मेडिकल बिरादरी को आश्वस्त करना चाहता हूं कि हम हर तरह से उनके साथ हैं। पहले कहा गया था कि मई के आखिर तक महाराष्ट्र में डेढ़ लाख तक कोरोना के मरीज हो सकते हैं। हम इसे काबू कर पाए। सभी लोग कोरोना से डटकर मुकाबला कर रहे हैं। आने वाले दिनों में कोरोना के और भी मरीज बढ़ेंगे, लेकिन डरने की जरूरत नहीं है।महाराष्ट्र में अब कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 47 हजार 190 हो गई। वहीं, मौतों का आंकड़ा 1,577 पर पहुंच गया। पूरे राज्य में इस महामारी से ठीक होने वालों की संख्या 13,404 के करीब पहुंच गई है। शनिवार को 821 मरीज ठीक होकर अस्पताल से डिस्चार्ज हो गए। इसके अलावा, राज्य में 4 लाख 85 हजार 623 लोगों को घरों में और 33 हजार 545 लोगों को अन्य स्थानों पर क्वारैंटाइन किया गया है।