Breaking News

मोदी है तो मुमकिन है : शिवसेना

28 Mar, 2019 1185
संवाददाता/in24 न्यूज़।

शिवसेना और भारतीय जनता पार्टी के बीच रिश्तों में अनेक बार खटास देखने को मिलती रही है, मगर अब जिस तरह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के उपग्रह भेदी मिसाइल के सफल परीक्षण की है उसकी सराहना करते हुए शिवसेना ने बृहस्पतिवार को कहा कि यह इसलिए संभव हुआ क्योंकि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। शिवसेना ने मिशन शक्ति को भारत की बड़ी उपलब्धि बताते हुए अपने मुखपत्र सामना में छपे संपादकीय में कहा कि मोदी है तो मुमकिन है। जमीन पर भी और आसमान में भी। शिवसेना ने कहा कि भारत कल तक एक परमाणु शक्ति था। इंदिरा गांधी से लेकर अटल बिहारी वाजपेयी तक (पूर्व) प्रधानमंत्रियों ने इसके लिए कड़ी मेहनत की। मोदी के कार्यकाल में हम एक अंतरिक्ष महाशक्ति बन गए। हमारे वैज्ञानिकों ने ऐसा कर दिखाया। संपादकीय में कहा गया है कि जब आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर नेता एक दूसरे पर कीचड़ उछालने में लगे हैं, एक दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं, ऐसे में मोदी ने वैज्ञानिकों की सफलता की आनंददायी खबर सुनाई। उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली पार्टी शिवसेना ने कहा कि सरकार द्वारा नवंबर 2016 में नोटबंदी का फैसला किए जाने के बाद, कल लोगों में इस बात को लेकर बहुत उत्सुकता थी कि मोदी अपने संबोधन में क्या घोषणा करने वाले हैं।

अन्य खबरे