राजनीतिक वायरस से विपक्षी पार्टी के सदस्यों में विद्रोह की भावना
संवाददाता/in24 न्यूज़.
कोरोना वायरस के खौफ बीच भी राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप शुरू है. बता दें कि शिवसेना ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि राजनीतिक वायरस विपक्षी पार्टी के सदस्यों में विद्रोह की भावना भड़काकर विपक्ष नीत सरकारों को गिराने का प्रयास देश में तबाही मचा रहा है, लेकिन यह महाराष्ट्र में बेअसर साबित हुआ। शिवसेना ने अपने मुखपत्र सामना के संपादकीय में मंगलवार को कहा, कोरोना वायरस देश में तबाही मचा रहा है। मध्य प्रदेश में सोमवार को नजर आया सियासी ड्रामा किसी वायरस से कम नहीं था। संपादकीय में कहा गया, विद्रोह भड़का कर विपक्षी पार्टियों की सरकार गिराने की कोशिश करने वाला राजनीतिक वायरस देश में तबाही मचा रहा है यह वायरस अरुणाचल प्रदेश, गोवा, मणिपुर, कर्नाटक और अन्य राज्यों में असर दिखाता रहा है। महाराष्ट्र में हालांकि यह अप्रभावी साबित हुआ है, यहां असल में यह प्रयोग उल्टा पड़ गया। गौरतलब है कि ज्योतिरादित्य सिंधिया के कांग्रेस से अलग होकर भाजपा में चले जाने और मध्यप्रदेश में सत्तारूढ़ कांग्रेस के 22 विधायकों के इस्तीफा सौंपने के बाद राज्य में पिछले आठ दिनों से राजनीतिक संकट पैदा हो गया है। वहीं मध्य प्रदेश में जारी सियासी संकट के बीच फ्लोर टेस्ट के मसले पर आज सुप्रीम कोर्ट अपना फैसला सुनाएगी।