Breaking News

राहुल गांधी को मुंबई के शिवड़ी सेशन कोर्ट से मिली जमानत

04 Jul, 2019 1113

संवाददाता/in24 न्यूज़।   

राहुल गांधी को मुंबई के शिवड़ी सेशन कोर्ट से 15 हजार रुपए के मुचलके पर जमानत मिल गई. गौरतलब है कि आरएसएस मानहानि मामले में पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी गुरुवार को मुंबई के शिवड़ी कोर्ट पहुंचे. दरअसल, राहुल गांधी ने साल 2017 में हुई पत्रकार गौरी लंकेश की हत्या को बीजेपी-आरएसएस की विचारधारा से जोड़ा था. जिसके खिलाफ उन पर मानहानि का केस दर्ज किया गया था. इसी मामले में राहुल गांधी की मुंबई के अदालत में पेशी हुई. राहुल गांधी ने यहां खुद को बेकसूर बताया. इसके बाद अदालत ने उन्हें 15,000 रुपये के मुचलके पर ज़मानत दे दी. पूर्व सांसद एकनाथ गायकवाड़ ने उनके लिए ज़मानत दी.आरएसएस के एक कार्यकर्ता ने गौरी लंकेश की हत्या को आरएसएस से जोड़ने को लेकर मानहानि का मामला दर्ज कराया था. लोकसभा चुनाव 2019 के चुनाव प्रचार के दौरान राहुल गांधी ने बीजेपी और आरएसएस के प्रति जमकर हमला बोला था. बीजेपी और आरएसएस के कार्यकर्ताओं ने देश के अलग-अलग हिस्से में उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था. 

राहुल गांधी को इसी तरह के पांच मामलों में देश के अलग-अलग हिस्सों में कोर्ट में पेश होना है. 4 जुलाई को मुंबई कोर्ट में पेश होने के बाद अब उन्हें 6 जुलाई को पटना स्थित एक कोर्ट में पेश होना है. पटना में बीजेपी अध्यक्ष सुशील कुमार मोदी ने राहुल गांधी के खिलाफ मामला दर्ज कराया है. 
 

 

अन्य खबरे