शपथ से पहले डिनर पर संभावित मंत्रियों से चर्चा करेंगे केजरीवाल
संवाददाता/in24 न्यूज़.
रविवार 16 फ़रवरी को अरविंद केजरीवाल तीसरी बार मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेने जा रहे हैं. उससे पहले एक डिनर का कार्यक्रम भी रखा गया है. इस डिनर में वे संभावित मंत्रियों के साथ सरकार के भविष्य की योजनाओं को लेकर शनिवार को डिनर पर चर्चा करेंगे. केजरीवाल की अगुवाई वाली आम आदमी पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में एक बार फिर ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए दिल्ली की 70 में से 62 सीटें जीती है. हालांकि, ये आंकड़ा पिछली बार की तुलना में पांच सीट कम है. पार्टी पदाधिकारियों के अनुसार आप प्रमुख केजरीवाल अपने संभावित मंत्रियों के साथ उन पहलों पर चर्चा करेंगे जिन्हें प्राथमिकता दिए जाने की आवश्यकता है. उन्होंने बताया कि बैठक में दिल्ली को एक वैश्विक शहर बनाने के मकसद से खाका तैयार करने पर भी ध्यान केंद्रित किया जाएगा. केजरीवाल रविवार सुबह 10 बजे अपने मंत्रिमंडल सहयोगियों के साथ शपथ ग्रहण करेंगे. आप ने 70 सदस्यीय दिल्ली विधानसभा में 62 सीटों पर जीत दर्ज की है जबकि भाजपा ने आठ सीटें जीतीं. कांग्रेस लगातार दूसरी बार खाता खोलने में नाकाम रही. आप नेताओं को बुलाया गया है ताकि सरकार की अगले तीन महीने की प्राथमिकताओं और टास्क पर डिनर के दौरान चर्चा हो पाए. इस डिनर बैठक के दौरान दिल्ली को ग्लोबल सिटी बनाने के रोडमैप पर भी चर्चा की जाएगी.