सीएम उद्धव को आर्थिक हालात सुधारने के लिए भाई राज ठाकरे ने दिया आईडिया
संवाददाता/in24 न्यूज़.
कोरोना वायरस ने देश की आर्थिक स्थिति बिगाड़ दी है. महाराष्ट्र में तेजी से बढ़ते कोरोना वायरस के मामले और बिगड़ती आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना प्रमुख राज ठाकरे ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को आर्थिक व्यवस्था को उभारने के लिए तुरंत शराब की दुकाने खोलने की सलाह दी है। उन्होंने बताया कि कोरोना वायरस के नियंत्रण तहत घोषित लॉकडाउन से राज्य की आय में भारी गिरावट आई है और शराब की बिक्री के जरिए उसकी भरपाई की जा सकती है। राज ठाकरे ने कहा कि राज्य में शराब की दुकानें खोलने से प्रति दिन 42 करोड़ रुपए के हिसाब से हर महीने 1250 करोड़ और साल में 14,000 करोड़ रुपए की आय मिलेगी। उन्होंने इस संबंध में गुरुवार को सीएम उद्धव ठाकरे को एक पत्र लिखा है। उन्होंने कहा कि इस महामारी के दिनों-दिन फैलने के मद्देनजर लॉकडाउन कब तक चलेगा कहना मुश्किल है और अगर ऐसा ही जारी रहा तो राज्य की अर्थिक स्थिति और खराब हो जाएगी। लॉकडाउन की वजह से सभी वित्तीय संसाधनों के ठप्प होने से कल्याणकारी योजनाएं प्रभावित होने की आशंका व्यक्त करते हुए मनसे प्रमुख ने कहा कि राज्य का खाजाना भरने के लिए शराब की दुकानें खोलने की छूट देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन के नियमों का पालन करने के साथ-साथ सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखना होगा। इसके जरिए मिलने वाली आय कल्याण योजनाओं व कोरोना पीड़ितों के लिए इस्तेमाल की जा सकती है।