सीएम योगी की कैबिनेट मीटिंग में अधिकारियों के फोन बैन
संवाददाता/in24 न्यूज़.
उत्तर प्रदेश के मुख्यंमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी कैबिनेट की मीटिंग में शामिल होनेवाले अधिकारीयों को फोन लाने पर बैन लगा दिया है. गौरतलब है कि योगी आदित्यनाथ कैबिनेट की बैठक में अब अधिकारी मोबाइल फोन नहीं ले जा सकेंगे. कैबिनेट बैठक में अधिकारियों के मोबाइल के इस्तेमाल पर रोक लगा दी गई है. बता दें कि इसी साल जून में मंत्रियों पर कैबिनेट बैठक में मोबाइल लाने पर पाबंदी लगा दी गई थी. अब 6 महीने बाद अफसरों के लिए निर्देश दिए गए हैं. अब कैबिनेट की बैठक में जाने से पहले अधिकारियों को भी मोबाइल बाहर रखना होगा. दरअसल बीते मंगलवार को योगी आदित्यनाथ सरकार की अहम कैबिनेट बैठक बुलाई गई थी. सीएम योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में 34 अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी गई. सूत्रों के मुताबिक सीएम योगी आदित्यनाथ इस बैठक में एक अहम प्रस्ताव पर चर्चा कर रहे थे. लेकिन इसी बीच सीएम योगी ने एक अधिकारी को मोबाइल का इस्तेमाल करते देखा. सीएम योगी ने कैबिनेट बैठक के दौरान मोबाइल इस्तेमाल कर रहे अधिकारी को जमकर फटकार लगाने के साथ ही अपना मोबाइल बाहर रख कर आने को कहा. आपको बता दें कि जून में सीएम योगी ने कैबिनेट बैठकों के दौरान मंत्रियों के मोबाइल फोन लाने पर पाबंदी लगा दी थी.